सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। बच्चा चोरी करने के शक में सिंगाही में युवक को भीड़ ने दबोच लिया। उसके दो साथी फरार हो गए। ग्रामीण आरोपी की पिटाई कर रहे थे। इसी बीच पुलिस ने उसे पिटाई से बचाने की कोशिश की तो भीड़ पुलिस पर उग्र हो गई। भीड़ ने सिपाही और होमगार्ड को जमकर पीटा, सरकारी जीप तोड़ डाली। सिपाही और होमगार्ड को पिटता देख दरोगा उनको छोड़कर भाग खड़े हुए। फिर थाने से ज्यादा फोर्स गई और किसी तरह आरोपी को बचाकर थाने लाई। घायल आरोपी को पुलिस ने निघासन सीएचसी में भर्ती कराया है।
नगर पंचायत सिंगाही के मोहल्ला भेड़ौरा में बुधवार शाम करीब आठ बजे सुशील का 10 वर्षीय पुत्र जीतू पड़ोस की दुकान पर दाल लेने गया था। उसे तीन लोग रास्ते में मिले और पैसे मांगे। जीतू ने उसने पैसे नहीं दिए तो एक युवक ने उसे गोद में उठा लिया और उसे कहीं ले जाने लगा। जब वह रोने-चिल्लाने लगा तो भीड़ जुट गई तो तीनों युवक बच्चे को छोड़कर भागने लगे। भीड़ ने दौड़ाकर एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी भाग गए। भीड़ ने पकड़े गए आरोपी की पिटाई शुरू कर दी। किसी ने पुलिस को सूचना दी तो थाने से दरोगा सुरेश कुमार, महेश कुमार सरकारी जीप से मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को रोककर आरोपी को बचाने की कोशिश की। इससे गुस्से में आए लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। सरकारी जीप को लाठी-डंडा और ईंट-पत्थर मार कर क्षतिग्रस्त कर दिया। सिपाही धर्मेश सिंह और होमगार्ड सनाती खां की पिटाई कर दी। दोनों को पिटता देख दरोगा और सिपाही मौके से भाग निकले। पुलिस ने घायल आरोपी को निघासन सीएचसी में भर्ती कराया है। आरोपी ने अपना नाम लल्ला मौर्या निवासी सरपतहा थाना निघासन बताया है।