लखीमपुर खीरी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर तैनात एक होमगार्ड को तीन युवकों ने सस्ती ईंट देने का झांसा दिया और 24 हजार रुपये ठग ले गए। पीड़ित होमगार्ड ने बुधवार को सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना फरधान के गांव सिकटिहा निवासी डालचंद ने बताया कि वह होमगार्ड है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर 25 जुलाई को वह शांति व्यवस्था ड्यूटी कर रहा था। दोपहर में दो लोग आए और कहा कि हम लोग भीखमपुर ईंट भट्ठे पर काम करते हैं। तीन हजार रुपये प्रति हजार ईंट के हिसाब से ईंट दे देंगे। इनमें शामिल एक युवक ने अपना नाम गुड्डू और पता अजान बताया। मोबाइल नंबर भी दिया और मेरा नंबर लेकर चले गए। दो दिन तक गुु्ड्डू नाम के व्यक्ति ने उनसे बातचीत भी की। ईंट को जरूरत होने के कारण उन्होंने 10 हजार ईंट भिजवाने को कहा। 26 जुलाई को दोनों युवक एक अन्य व्यक्ति के साथ आए। तीसरे व्यक्ति को ईंट का ठेकेदार बताते हुए पैसे मांगे। झांसे में आकर पड़ोसी संजय को फोन किया और घर से 24 हजार रुपये मंगवाकर तीनों को दे दिए। गुड्डू नाम के व्यक्ति ने सुबह फोन किया कि ईंट एक एक घंटे में पहुंच जाएगी। पूरे दिन इंतजार करने के बाद जब ईंट नहीं आई तो उन्होंने फोन किया तो उसका स्विच ऑफ था। तभी से आरोपी का मोबाइल स्विच ऑफ जा रहा है। ठगी का एहसास होने पर बुधवार को होमगार्ड सदर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी।
तहरीर मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
फतेह सिंह प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर