मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र में चाट विक्रेता का पक्ष लेना एक युवक को महंगा पड़ गया। जबरन चाट खाने का विरोध करने पर हमलावरों ने घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया और कुल्हाड़ी मारकर घायल कर दिया। परिवार वाले उसे सीएचसी लाए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि गांव मुड़ियाखेड़ा निवासी छोटू अपने घर के सामने चाट का ठेला लगाता है। गांव के ही दबंग किस्म के कुछ लोग जबरन उसके ठेले से सामान उठा लेते हैं और चाट खाने के बाद पैसे भी नहीं देते। इससे चाट विक्रेता काफी परेशान था। ऐसे में मंगलवार को गांव के ही मुनीर (45) ने इसका विरोध किया। जिसपर विवाद हो गया। इससे नाराज दूसरे पक्ष के रौनक, अनीस, इलियास, लाल मोहम्मद आदि मुनीर के घर में घुस गए और उसे पकड़ लिया। पिटाई करने के बाद कुल्हाड़ी से कई प्रहार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब तक लोग मौके पर पहुंचते, इससे पहले ही हमलावर भाग गए। घर वाले आनन-फानन में घायल को अस्पताल लाए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।