लखीमपुर खीरी। दुष्कर्म के मामले जिले में भी कम नहीं है लेकिन अधिकतर घटनाओं के आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज चुकी है। परिजन को अब आरोपियों को सजा का इंतजार है। परिजन का कहना है कि जिस दिन अदालत आरोपियों को सजा सुनाएगी उस दिन जख्मों पर मरहम लगेगी।
वर्ष 2016 में बालिका की दुष्कर्म के बाद हुई हत्या के मामले में जेल में बंद आरोपी सहित इस तरह की अन्य घटनाओं के लिए मॉनीटरिंग सेल बनाकर एसपी खुद भी उस पर नजर जमाएं हैं। फास्ट ट्रैक कोर्ट सहित विभिन्न अदालतों में दुष्कर्म और दुष्कर्म के बाद हत्या के मुकदमों में सुनवाई जारी है।
रेप के बाद हत्या कर छुपा दिया था शव
20 अगस्त 19 को थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में छह साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। उसके शव को गांव के निकट पुलिया के नीचे छुपा दिया था। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर शव बरामद कर मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। तीनों आरोपी अभी जेल में हैं।
सात साल की हत्या के मामले में पुलिस भेज चुकी है चार्जशीट
घटना 13 मई 19 की है। सदर कोतवाली क्षेत्र में सात साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या हुई थी। इससे लोगों में उबाल था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस चार्जशीट अदालत में भेज चुकी है।
चार साल की बच्ची से रेप के मामले में जारी है जांच
17 नवंबर 19 को थाना हैदराबाद क्षेत्र में चार साल की बच्ची हैवानियत की शिकार बनी। दरिंदा बच्ची को बहला फुसलाकर अपने घर ले गया। छत के ऊपर उससे दुष्कर्म किया था। बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब वह ठीक है। पुलिस ने आरोपी को दूसरे दिन गिरफ्तार किया। इस प्रकरण की जांच अभी जारी है।
दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में लगा एनएसए
22 मई 2016 में शहर से सटे एक गांव निवासी युवक टॉफी दिलाने के बहाने आठ साल की बच्ची को बाग में ले गया। जहां हैवानियत की सारी हदे पार कर दी थीं। दरिंदे ने बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूस कर दुष्कर्म किया। उसकी गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव बाग में स्थित कुएं में डाल दिया था। इस मामले में पुलिस की काफी फजीहत हुई थी। उस पर लापरवाही बरतने के भी आरोप लगे थे। पुलिस ने चार दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी पर एनएसए लगाया गया।
दुष्कर्म पीड़ित परिवारों का दर्द
22 मई 2016 की शाम आठ साल की बेटी घर के पास खेल रही थी। उसे पास का ही युवक टॉफी दिलाने के बहाने दुकान पर ले गया और दुष्कर्म के बाद हत्या कर बेटी के शव का कुएं में फेंक दिया। आज भी बेटी की याद जब आती है तो आंखों से आंसू बहने लगते हैं। बेटी के दरिंदों को अब तक सजा नहीं मिल सकी है। जल्द उसे फांसी की सजा मिले।
-दुष्कर्म पीड़ित की मां, सदर कोतवाली क्षेत्र
बेटी की याद में आंखों में आ जाते हैं आंसू
20 अगस्त 19 को छह साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी। दोपहर से गायब बेटी जब शाम तक नहीं मिली तो वह आरोपी सहित अन्य घरों पर गई पर पता नहीं चला। बाद में पता लगा कि पड़ोस के ही एक युवक ने बच्ची की रेप के बाद हत्या कर शव पुलिया के नीचे छुपा दिया था। आज भी रात में जब आंख खुलती है तो उसकी याद में आंसू आ जाते हैं।
-दुष्कर्म पीड़ित का पिता, थाना फूलबेहड़ क्षेत्र
दरिंदा को फांसी मिले तब दिल के भरेंगे जख्म
17 नवंबर 19 को थाना हैदराबाद क्षेत्र में चार साल की बच्ची हैवानियत की शिकार बनी। दरिंदा बच्ची को बहला फुसलाकर अपने घर ले गया और दरिंदगी की। आरोपी भले ही जेल में है, लेकिन परिजन के आंसू ताजा हैं। दरिंदा को जब तक फांसी नहीं होती तब तक मेरे दिल के जख्म नहीं भरेंगे।
-पीड़ित की मां, थाना हैदराबाद क्षेत्र
बेटी को याद कर छलक आते हैं आंसू
12 मई 19 को छह साल की मेरी बच्ची गांव में ही एक बरात देखने गई थी। क्या पता था कि वहशी उसे हवस का शिकार बनाकर जिंदा दफन कर देगा। आरोपी जेल में है। अदालत गुनहगारों को फांसी की सजा दे।
-पीड़ित के बाबा, सदर कोतवाली क्षेत्र
यहां अदालतों में लंबित हैं 1120 मामले
जिले की विभिन्न अदालतों मेें दुष्कर्म के करीब 1120 और दुष्कर्म के बाद हत्या के 16 मामले लंबित हैं।
इन मामलों की कोर्ट में चल रही सुनवाई
थाना खीरी के एक गांव की रहने वाली किशोरी की वर्ष 2016 में दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस आरोपियों के चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, लेकिन सुनवाई कोर्ट में जारी है। इसी तरह 2018 में इसी थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई, जिसके बाद किशोरी की लाश फंदे पर लटकती पाई गई। पुलिस ने इसे दुष्कर्म के बाद खुदकुशी का मामला माना और चार्जशीट दाखिल की, इस मामले में सुनवाई चल रही है। इसी तरह हैवानियत का एक मामला सदर कोतवाली क्षेत्र राजापुर का है। यहां बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया था। इस मामले में भी सुनवाई जारी है।
दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में जारी है अदालती कार्रवाई
मोहम्मदी थाना क्षेत्र में वर्ष 2018 में दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या मामले में ज्ञानेंद्र आदि के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की। कोतवाली तिकुनियां क्षेत्र में भी किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या हुई। पुलिस ने तफ्तीश के बाद मनोज आदि के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। इसके अलावा कोतवाली सदर में बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में पुलिस न रुदल के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। इन सभी मामलों में अदालती कार्रवाई जारी है।
भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर है। महिलाओं को घूरना तक को गंभीर अपराध की श्रेणी में रखा गया है। महिला सुरक्षा को लेकर सख्त कानून बनाने का विचार चल रहा है। जल्द ही इसका रिजल्ट दिखाई देगा।
-अजय मिश्रा टेनी, सांसद
महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई हो रही है। दुष्कर्म मामलों में आरोपियों को सजा दिलाने के लिए मैं खुद मॉनीटरिंग करती हूं। इन केसों की पैरवी के लिए एक टीम गठित है। महिला अपराधों की रोकथाम के लिए सभी थाना प्रभारियों को पहले से ही सख्त निर्देश दिए जा चुके हैं।
-पूनम, पुलिस अधीक्षक