संपूर्णानगर। भारत-नेपाल सीमा के बसही बॉर्डर पर एसएसबी ने 4.75 क्विंटल मटर के साथ दो युवकों को पकड़ा है। जिनके पास से साइकिलें भी बरामद हुई हैं। बरामद माल, साइकिलों व युवकों को एसएसबी ने सीजर बनाते हुए कस्टम के सुपुर्द कर दिया है।
बता दें कि भारत-नेपाल सीमा के रानीनगर, बसही, खजुरिया, कमलापुर, मिर्चिया, माननगर के रास्ते से भारी तादाद में नेपाल से मटर की तस्करी होती है। जिसमें एसएसबी जवानों ने रविवार को नेपाल से आ रहे पांच साइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया। मौका पाकर तीन साइकिल सवार साइकिलें छोड़कर फरार हो गए। जबकि दो साइकिल सवारों को एसएसबी जवानों ने पकड़ लिया। जिनके पास से बोरियों में भरी 4.75 क्विंटल मटर बरामद हुई है। जिसकी सीजर बनाकर कस्टम को सौंप दिया गया है। बसही बीओपी की पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने बताया कि वह संपूर्णानगर के निवासी हैं तथा नेपाल से मटर लेकर भारत आ रहे थे। एसएसबी की टीम में बसही प्रभारी निरीक्षक भेर जी सोडा, रविपाल सिंह, शंकर आदि मौजूद रहे।