लखीमपुर खीरी। दस प्रतिशत ब्याज पर दो महीने के लिए 20 हजार रुपये लेना युवक को महंगा पड़ गया। ब्याज पर पैसे देने वाले व्यक्ति ने युवक से 60 हजार रुपये ले लिए। फिर भी उस पर 1.10 लाख रुपये बकाया निकाल दिया। पीड़ित ने रुपये देने से मना किया तो उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने एसपी के आदेश पर तीन हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के मोहल्ला प्यारेपुर निवासी मनीष कुमार सैनी ने मोहल्ले के ही उपेंद्र वर्मा से दो महीने पहले 20 हजार रुपये 10 प्रतिशत ब्याज पर लिए थे। मनीष कुमार सैनी के मुताबिक आरोपी ब्याज समेत उससे 60 हजार रुपये ले चुके हैं। अब भी उस पर 1.10 लाख रुपये का बकाया दिखाकर रुपये मांग रहे थे। उसने कोई बकाया न होने की बात कहकर रुपये देने से इनकार कर दिया था। पहली नवंबर को वह नौरंगाबाद चौराहा पर खड़ा था। इसी बीच उपेंद्र वर्मा, अंकित वर्मा आ गए। रुपये मांगने लगे। मना किया तो उसकी पिटाई कर दी। हमलावरों ने मोबाइल छीन लिया। भूपेंद्र ने हमलावरों के साथ मिलकर पिटाई की वीडियो बनाई। रुपये न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। उसने घटना की तहरीर उसी दिन सदर कोतवाली पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। इस पर एसपी से मिला और तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। सदर कोतवाली पुलिस ने एसपी के निर्देश पर तीनों हमलावरों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।