लखीमपुर खीरी। दो दिन पहले टेंपो चालक को महिला यात्री से एक तरफा प्यार का इजहार करना महंगा पड़ गया। महिला ने उसे पकड़कर कोतवाली सदर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
शहर की एक महिला सात सितंबर को जिला अस्पताल दवा लेने आई थी। दवा लेकर वह अस्पताल गेट पर आई और घर जाने के लिए टेंपो का इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद आए टेंपो को रुकवाकर उसमें बैठ गई। महिला ने बताया कि टेंपो चालक जब राजापुर पुलिस चौकी के पास पहुंचा तो कुछ दूरी पर उसने टेंपो रोक दिया। फिर घर तक छोड़ने का लालच देकर अजीब बात कही। महिला को उसकी अटपटी बात सुनकर आशंका हुई। इस पर उसने टेंपो चालक से वहीं उतारने को कहा, लेकिन नहीं उतारा, बल्कि महिला से अश्लील बातें करने लगा। उस समय तो वह कुछ नहीं बोली। चुपचाप टेंपो से नीचे उतरने लगी तो चालक ने उसे पकड़ लिया। जबरन मोबाइल नंबर देकर चला गया। वह घर पहुंची, लेकिन डर की वजह से घर वालों को कोई बात नहीं बताई। महिला ने बताया की बुधवार को उसे जिला अस्पताल फिर दवा लेने आना था। जिला अस्पताल के पास फिर वही टेंपो चालक उसे मिल गया और अश्लील बातें करने लगा। इस पर उसने घर वालों को सूचना दी। मौके पर परिवार के लोग आ गए और उसे पकड़कर सदर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। महिला पहले रिपोर्ट लिखाने से भी बचती रही, मगर बृहस्पतिवार को पुलिस के समझाने पर उसने तहरीर दे दी। प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह ने बताया कि पकड़ा गया चालक असलम खां खीरी टाउन का निवासी है। उसके खिलाफ बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।