लगाया आरोप पुलिस ने दर्ज किया फर्जी मुकदमा, वापसी की मांग
पुलिस पर भाकपा माले नेता सहित करीब 80 कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे का आरोप लगाते हुए भगवंतनगर गुलरा के माले कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। मांग की गई कि अगर जल्द मुकदमे को वापस नही लिया गया तो वह चक्का जाम करेंगे।
गौरतलब है कि सोमवार रात पलिया चीनी मिल पास कार की टक्कर से रामादेवी गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी। इसी से गुस्साए लोगों ने रोड जामकर पुलिस से वहां ब्रेकर बनाने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने भाकपा माले नेता कमलेश राय के साथ करीब 80 लोगों पर सात क्रिमनल एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसको लेकर भगवंतनगर गुलरा के ब्लाक माले कमेटी सदस्य लक्ष्मी नारायण यादव के नेतृत्व में गांव में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि 80 लोगों पर लादे गए मुकदमे फर्जी हैं और जब तक यह मुकदमा वापस नहीं हुआ माले कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। मांग की कि जल्द मुकदमा वापस नहीं हुआ तो वह चक्का जाम करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में ओमप्रकाश चौहान, सलीम खां, प्रदीप कुमार, शुभम यादव, मंदीप, मुन्नालाल, रामबेटी, प्रेमपति, फूलमती, सुनीता, जगराना, आरती, अख्तर हुसैन सहित तमाम माले कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल रहे।