थाना फरधान के गांव गौरिया से एक माह पहले लापता हुए युवक के मामले में पुलिस की ढिलाई से नाराज भाकपा माले ने एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद केंद्रीय कमेटी सदस्य कृष्णा अधिकारी की अगुर्वाई में एसपी अरविंद सेन को ज्ञापन सौंपा गया। एसपी ने मामले का शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
गौरिया गांव निवासी अयूब का 19 वर्षीय पुत्र इरशाद 26 अप्रैल 2015 की शाम से लापता हैै। घरवालों के मुताबिक इरशाद को उसके तीन दोस्त बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद से वह लापता हैं। घरवालों ने बताया है कि इरशाद का आरोपियों के साथ दिन-रात का उठना-बैठना था। इसके बाद युवक की मां जामिना की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद युवक का कोई सुराग नहीं लगा है। बुधवार को इरशाद के परिवार वालों के साथ भाकपा माले कार्यकर्ता नसीरुद्दीन मेमोरियल हाल के प्रांगण पहुंचे और प्रदर्शन किया। कृष्णा अधिकारी ने कहा है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे मामले का खुलासा नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अपराधों की बाढ़ आ गई है, जिस पर अंकुश लगाने में सरकार विफल रही हैै। इसके बाद माले कार्यकर्ता और पीड़ित घरवाले जुलूस के तौर पर एसपी कार्यालय पहुंचे और बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसपी को ज्ञापन देकर मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की।
मतदाता सूची में नाम शामिल करने की भी उठी मांग
लखीमपुर खीरी। भाकपा माले ने बाढ़ कटान से विस्थापित ग्राम पंचायत उसिया के मजरा क्रांतिनगर के बाशिंदों को मतदाता सूची में शामिल करने की मांग की है। कृष्णा अधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दबाव के चलते इन विस्थापितों के नाम ग्राम पंचायत उसिया की मतदाता सूची में दर्ज नहीं किए गए हैं और न ही श्रीनगर विधानसभा की सूची में शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी के पास आधार कार्ड औैर बैंक खाते हैं, जिसमें वे क्रांतिनगर के निवासी के रूप में दर्ज हैैं। निर्वाचन आयोग भी सूची में नाम दर्ज करने के आदेश दे चुका है। इस संबंध में डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया गया है। इस मौैके पर कमलेश राय, रामकिशुन, श्रीनाथ आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।