लखीमपुर खीरी। जिला युवा कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक सोमवार को निघासन रोड स्थित राजा लॉन में हुई। इस दौरान युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मोंटी शुक्ला ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जिला स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि छात्रों की आवाज बुलंद करने के लिए आउटरीच प्रेस कॉन्फ्रेंस, सोशल मीडिया अभियान और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नौ अगस्त तक देशव्यापी विरोध अभियान चलाया जाएगा, जिसका समापन ''दिल्ली चलो'' के आह्वान के साथ होगा।
प्रदेश सचिव आशीष पाल ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इस मुद्दे पर युवाओं को संगठित कर आंदोलन के लिए मजबूत किया जाएगा। बैठक को जिला अध्यक्ष नवाज खान ने भी संबोधित किया।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मेराज अली खान, जावेद अली एडवोकेट, शराफत अली, आयुष गुप्ता, रियाज अहमद, रवि गोस्वामी, सत्ती सरन गौतम, विवेक कुमार, माया मौजूद रहे।