बुधवार को सबसे ज्याद बेहजम में और सबसे कम पसगवां में लगे टीके
लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बुधवार को 11602 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसमें सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन युवाओं ने और सबसे कम टीकाकरण 60 साल से अधिक लोगों का हुआ।
पिछले कुछ दिनो से टीकाकरण की रफ्तार बेहद धीमी थी। मगर, बुधवार को बकरीद का अवकाश और मौसम सुहावना होने के कारण लोगों की भीड़ टीकाकरण के लिए केंद्रों पर उमड़ पड़ी। बुधवार को जिले भर में टीकाकरण को लेकर लोगों में मारामारी मची रही। किसी किसी केंद्र पर पहले लगवाने के लिए लोगों में विवाद भी हुआ। हालांकि शाम तक उम्मीद से कहीं ज्यादा लोगों का वैक्सीनेशन हुआ। इसमें कलस्टर अभियान के तहत 18 से अधिक 6262 एवं 45 से अधिक 1691 और 60 साल से अधिक उम्र के 590 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। जबकि 3059 लोगों के सामान्य टीकाकरण हुआ।
ब्लॉक वार टीकाकरण
बेहजम- 1404
नकहा-120
फूलबेहड़-140
फरधान-909
निघासन-297
पलिया-448
मोहम्मदी-1140
मितौली-1332
पसगवां-28
धौरहरा-821
रमियाबेहड़-140
ईसानगर-1260
बांकेगंज-810
बिजुआ-300
गोला कुंभी-1260
जिला अस्पताल-1193
बुधवार को जिले भर में 11602 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसमें युवाओं की संख्या सबसे ज्यादा रही। बृहस्पतिवार को भी सभी केंद्रों पर वैक्सीनेशन होगा। - डॉ. आरपी दीक्षित, एसीएमओ एवं प्रभारी जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
240 लोगों ने लगवाई वैक्सीन की पहली डोज
ओयल। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओयल और मोहल्ला बगिया स्थित श्री दुर्गे शिशु विद्यामंदिर प्रांगण में बुधवार सुबह 10 बजे से 18 से अधिक आयु वर्ग के कुल 240 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। पीएचसी और स्कूल में सीमित वैक्सीन होने के चलते पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर टीके लगाए गए। वैक्सीनेशन सुबह 10 बजे से शुरू हुआ। स्कूल में दोपहर दो बजे और पीएचसी पर दोपहर बाद तीन बजे ही वैक्सीन समाप्त हो गयी। इससे काफी लोगों को अगले दिन वैक्सीन लगाने के लिए बुलाया गया। संवाद