पलियाकलां। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश व बनबसा बैराज से रिलीज किए जा रहे पानी से शारदा नदी का जलस्तर रोजाना बढ़ रहा है। बुधवार को नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 70 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया, जिससे ग्रामीण चिंतित हैं।
नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 70 सेंटीमीटर ऊपर 154.800 पर बह रहा था। जल आयोग के लिपिक केके प्रजापति ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 34.2 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। हालांकि पहाड़ों पर हो रही बारिश की वजह से नदी का जलस्तर मंगलवार से बढ़ रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने से इमलिया फार्म जाने वाला रास्ता लगभग बंद हो गया है। ग्रामीण लंबी दूरी तय कर भीरा होकर इमलिया फार्म पहुंच रहे हैं। नदी किनारे श्रीनगर गांव के पास बने बंधे के पास भी पानी पहुंच गया और तेजी से गांव का रुख करने लगा है। सबसे ज्यादा परेशानी आजादनगर, बर्बादनगर, नयापुरवा, खालेपुरवा, चौरी आदि गांवों के ग्रामीणों को हो रही हैं। बोझवा, दौलतापुर, मटैहिया का खेतिहर इलाका भी डूबने लगा है। संवाद
भारी बारिश से सुतिया छठ घाट डूबा
संपूर्णानगर। सिंगाही खुर्द स्थित छठ घाट के पास बह रहे सुतिया नाले में पानी का जलस्तर बढ़ जाने से छठ घाट में बने मंदिर और उसकी साढ़ियां डूब गई हैं।
सिंगाही खुर्द सुतिया पुल से कई गांव के लोग आवागमन करते हैं। वहीं एसएसबी कैंप व नेपाल जाने का भी यह मार्ग है। पुल से रानीनगर, मिर्चिया, भूपनगर जाने वाले रास्ते पर बरसात के बाद सुतिया नाले में पानी बढ़ने से जलभराव हो गया है। पुल के साथ ही बने छठ घाट पर पानी चलने लगा है। घाट पर बने मंदिर व सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं।संवाद