लखीमपुर खीरी। जिले में एक बार फिर से दबे पांव कोरोना ने वापसी करनी शुरू कर दी है। कुछ दिन से रोजाना संक्रमित मिल रहे हैं। पिछले तीन दिन में ही 19 पॉजिटिव मिल चुके हैं। इससे जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है।
इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। न तो मास्क लगा रहे हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं। जबकि स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि कोरोना अभी गया नहीं है। इसलिए इससे बचने के लिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के साथ बूस्टर डोज अवश्य लगवाएं। शनिवार को दस, रविवार को पांच और सोमवार को चार लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। काफी दिनों बाद तीन दिन में 19 संक्रमित मिले हैं। इससे जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या 31 हो गई है। जिन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, उसमें से एक लखनऊ और तीन सीएचसी मितौली क्षेत्र निवासी हैं। सभी संक्रमित घर पर ही क्वारंटीन है। इनकी स्वास्थ्य विभाग निरंतर निगरानी कर रहा है।
सीएमओ की अपील... कोविड प्रोटोकॉल का करें पालन
तीन दिन से निरंतर मिल रहे संक्रमितों को लेकर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची है। सीएमओ निरंतर लोगों से कोरोना संक्रमण रोकने के नियमों का पालन करने की अपील कर रहे है। इनका कहना है कि संक्रमण से बचाव के लिए दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी नियम का पालन अवश्य करें। जागरूकता ही कोरोना से बचाव है।
संक्रमितों में मिल रहे सामान्य लक्षण
जिले में 31 सक्रिय कोरोना संक्रमित हैं। बीत दो साल में कोरोना की तीन लहर आ चुकी हैं। इसमें दूसरी लहर सबसे ज्यादा खतरनाक थी। जबकि तीसरे का कोई खास प्रभाव नहीं दिखा। वर्तमान में जो संक्रमित मिल रहे हैं, उन सभी में कोरोना के सामान्य लक्षण दिखाई दे रहे है। हालांकि संक्रमण काल में कोरोना ने कई रूप बदले हैं और इसके लक्षणों में भी बदलाव दिखा मगर इस समय सिर्फ खांसी, बुखार आदि के ही लक्षण देखने को मिल रहे हैं। वहीं पिछले साल कोरोना की दूसरी लहर ने फेफड़ों के अलावा शरीर के अन्य अंगों को भी प्रभावित किया।
संक्रमण फिर पसारने लगा पांव
जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच लोग लापरवाही बरत रहे हैं। बाजार हो या फिर अस्पताल, हर जगह इसको लेकर लोगों में संजीदगी नहीं है। न तो लोग हाथ सैनिटाइज कर रहे हैं और न ही मास्क लगा रहे हैं। वहीं कहीं भी कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है। इस स्थिति में कोरोना का खतरा बढ़ने की आशंकाएं पनपने लगी हैं।
कुल केस- 5971
स्वस्थ हुए- 5932
एक्टिव केस- 31
शनिवार को मिले संक्रमित-10
रविवार को मिले संक्रमित-पांच
सोमवार को मिले संक्रमित- चार
वर्जन
20 एलकेएच 10
पिछले तीन दिन में 19 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले है। इससे बचाव का एक मात्र उपाय कोविड प्रोटोकॉल पालन करना है। मास्क अवश्य लगाएं। भीड़ भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। सर्दी,जुकाम, बुखार आदि की शिकायत होने पर जांच अवश्य कराएं। इसके अलावा जिन लोगों ने अभी तक बूस्टर डोज नहीं लगवाई है वह इसे अवश्य लगवा लें।
- डॉ. शैलेंद्र भटनागर सीएमओ