लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना संक्रमण बड़े पैमाने पर पैर पसारने लगा है। रविवार को आई रिपोर्ट में रिकार्ड 67 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिसमें सबसे ज्यादा शहर में ही करीब 35 संक्रमित मिले हैं। शहर के लगभग सभी मोहल्लों में कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिससे पुलिस-प्रशासन में हड़कंप है। इतने बड़े पैमाने पर मोहल्लों में कोरोना संक्रमितों के मिलने से इस महामारी के सामुदायिक स्तर पर फैलने का अलार्म बज गया है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। मोहम्मदी क्षेत्र की रेहरिया पुलिस चौकी इंचार्ज समेत एक सिपाही भी संक्रमित पाए गए हैैं, जिससे चौकी को बंद कर दिया गया है। वहीं तिकुनिया क्षेत्र के गांव सुथना बरसोला निवासी 37 वर्षीय युवक की कोरोना संक्रमण के चलते पांचवीं मौत हुई है। उसका लखनऊ के पीजीआई में चल रहा था।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक रविवार को 520 रिपोर्ट आई, जिसमें 61 केस पॉजिटिव मिले हैं। जबकि छह कोरोना पॉजिटिव केस प्राइवेट लैब की रिपोर्ट से मिले हैं। लखीमपुर तहसील क्षेत्र में कुल 40 लोग पॉजिटिव मिले हैं। पंडितपुरवा में एक, मेला मैदान में तीन, काशीनगर में पांच, गंगोत्रीनगर में एक, बाबूराम सराफनगर में एक, राजगढ़ में एक, बाजपेई कॉलोनी में दो, नई बस्ती में एक, कुढैया में एक, रामनगर में एक, नौरंगाबाद में एक, ममता होटल में एक, पंजाबी कालोनी में एक, शास्त्रीनगर में एक, शिव कॉलोनी में एक, एलपीएस के पास एक, हाथीपुर में एक, सुंदरलालपुरवा में तीन, बहादुरनगर में एक, पुलिस लाइंस में दो, ऑफिसर कॉलोनी में एक, कपूरथला में एक, खीरी टाउन में एक, अटकोहना में एक, बसहा भूड़ में एक, सरदार नगर सैधरी में एक, कैमासुर में एक, गोटैयाबाग में एक पॉजिटिव मिला है। गोला क्षेत्र में 15 पॉजिटिव मिले हैं, जिसमें मोहल्ला भारत भूषण कॉलोनी में दो, राजेंद्र नगर में एक, पश्चिमी दीक्षिताना में दो, सिकंद्राबाद में एक, अलीगंज रोड पर एक, कोतवाली में तीन पुलिसकर्मी, कुकरा में दो, बांकेगंज में दो, बैदाखेड़ा में एक फॉरेस्ट कर्मी पॉजिटिव मिला है। धौरहरा तहसील क्षेत्र में पांच कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जो भटपुरवा गांव के निवासी हैं। पलिया क्षेत्र के माहीगिरान में एक, सुभाषनगर में एक, चंदनचौकी में एक संक्रमित मिला है। बेहजम क्षेत्र के गांव बाछेपारा में एक और मुरलीगंज में एक संक्रमित मिला है। इसके अलावा दो केस पॉजिटिव मिले हैं, जिन्हें ट्रेस किया जा रहा है। अब तक जनपद में 518 संक्रमित मिले हैं, जिनमें उपचार के बाद 246 डिस्चार्ज हुए हैं। वर्तमान में कुल 246 एक्टिव कोरोना केस हैं। वहीं पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
तिकुनिया में कोरोना पॉजिटिव की मौत से हड़कंप
ग्राम सुथना बरसोला निवासी 37 वर्षीय युवक की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई। उसका लखनऊ के पीजीआई में इलाज चल रहा था, जिसके बाद परिजन ने उसका अंतिम संस्कार लखनऊ में ही कर दिया है। इसके बाद से कस्बे में कोरोना को लेकर हड़कंप मचा है। लोग अपने घरों में कैद हैं। रक्षाबंधन के पर्व पर भी मिठाई की दुकानों पर भीड़ नहीं दिखाई दी। लॉकडाउन के चलते बसों का संचालन भी नहीं हुआ, जिससे मंडी तिकुनियां बाजार और गांव सुथना बरसोला में सन्नाटा छाया रहा।
कोतवाली इंस्पेक्टर हनुमान प्रसाद ने बताया कि कोरोना संक्रमित युवक की किडनी में पथरी थी, जिसका इलाज चल रहा था। इस दौरान अन्य संक्रमण आ जाने के चलते डॉक्टरों ने जवाब दे दिया था, जिसके बाद परिजन उसे घर ले आए थे। घर लाने पर स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल जांच को भेजा गया था। जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर 31 जुलाई को उसे सरकारी वाहन से हरदोई ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से लखनऊ मेडिकल कॉलेज के गांधी वार्ड में ट्रांसफर किया गया। वहां युवक का इलाज चल रहा था, इसी दौरान शनिवार की रात को उसकी मौत हो गई।
मोहम्मदी में चौकी इंचार्ज और एक सिपाही कोरोना संक्रमित
कोतवाली क्षेत्र के एक चौकी इंचार्ज और एक सिपाही की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर हड़कंप है।
प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि चौकी प्रभारी और एक सिपाही सहित करीब 50 लोगों की जांच रविवार को सीएचसी मोहम्मदी में डॉक्टरों की टीम ने रैपिड़ ऐंटीजन टेस्ट से की थी, जिसमेें पुलिस चौकी रेहरिया के दो पुलिसकर्मी पॉजिटिव आए हैं। चौकी बंद करा दी गई है। चौकी पर तैनात सभी आरक्षियों की जांच कराई जाएगी। चौकी परिसर को सैनिटाइज कराया जा रहा है। क्षेत्र की शिकायतें सुनने के लिए अलग काउंटर बनाया गया है। मोहम्मदी में अब तक 52 लोग संक्रमण का शिकार हो चुके हैं, जिसमें 37 लोग अब तक स्वस्थ होकर वापस आ चुके हैं।
बांकेगंज में दो स्वाथ्यकर्मियों समेत चार लोग मिले संक्रमित
क्षेत्र में चार और लोगों के कोरोना पॉजटिव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप है। इन चार नए मामलों को मिलाकर अब तक कुल छह मामले सामने आ चुके हैं। इन सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ केके रंजन ने बताया कि रविवार को मिली रिपोर्ट के मुताबिक नए मामलों में बांकेगंज सीएचसी में तैनात एक एएनएम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम का गोला निवासी चालक पॉजटिव मिला है। जबकि दो लोग कुकरा कस्बे के निवासी हैं। अब तक सामने आए छह मामलों में चार स्वास्थ्य कर्मी और दो नागरिक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रामपुर कोठी गांव में लगाए गए शिविर में 33 लोगों की जांच की गई है, जिनके नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। एसडीएम गोला अखिलेश यादव ने बताया कि कुकरा कस्बे में दो युवकों के पॉजटिव मिलने के बाद उनके मोहल्लों और गलियों को सील कर बैरिकेडिंग करा दी गई है।
महेवागंज में मिले तीन संक्रमित
फूलबेहड़ ब्लॉक के गांव सुंदरलालपुरवा में एक ही परिवार के तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। इससे गांव में हड़कंप है। तीनों पॉजिटिव लोगों में सहकारी समिति कर्मी की पत्नी समेत दो परिवार के सदस्य हैं। समिति कर्मी की कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। डॉ अमितेश दत्त द्विवेदी ने बताया दो अगस्त को गांव में कैंप लगाकर सैंपल लेने के साथ एंटीजन टेस्ट किए गए थे। 83 लोगों की जांच की गई। वर्तमान में तीनों संक्रमितों को घर में आईसोलेट किया गया है। गांव पहले से ही कंटेन्मेंट जोन घोषित है।
महिला अस्पताल में तीन और मिले संक्रमित
लखीमपुर खीरी शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में महिला अस्पताल के तीन कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। इससे अस्पताल के डॉक्टर सहित अन्य स्टाफ में काफी दहशत है। सीएमएस ने अस्पताल आने वाली महिलाओं को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
एक सप्ताह पूर्व आई जांच रिपोर्ट में महिला अस्पताल की एक डॉक्टर संक्रमित मिली थी। इससे हड़कंप मच गया था। एहतियातन सीएमएस ने दो दिन अस्पताल बंद रख समस्त स्टाफ की जांच कराई थी। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में तीन अन्य कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इससे अस्पताल के लोगों में हड़कंप मचा हुआ, क्योंकि इन कर्मचारियों का हर किसी के पास आना जाना होता था। सीएमएस डॉ. नसरीन ने बताया कि अस्पताल में संक्रमित स्टाफ की संख्या अब चार हो गई। उन्होंने अस्पताल आने वाली महिलाओं को सावधानी रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल बिना मास्क लगाकर न आएं और पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने व दवा लेते समय सामाजिक दूरी का पालन जरूर करें।