लखीमपुर खीरी। कोरोना विश्व के लिए महामारी बन चुका है। इसका अब तक कोई इलाज नहीं है। इसकी चपेट में आने से तमाम लोग अपनी जान गवां चुके हैं। इसके संक्रमण से बचने के लिए सरकार ने लॉकडाउन कर सामाजिक दूरी का पालन करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके बावजूद शहर से लेकर गांवों में कुछ ऐसे लोग हैं, जिन्हें न तो अपनी चिंता है और न ही घर परिवार की। बिना वाजिब कारण के घर से निकलकर बाजार में भीड़ बढ़ा रहे हैं। यह लोग न तो मास्क पहनते हैं और न ही घर से निकलने के बाद सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हैं। ऐसे में वह अपनी जान जोखिम में डालने के साथ घर परिवार के लिए भी मुसीबत पैदा कर रहे हैं।
राशन वितरण में नहीं दिख रही सामाजिक दूरी
ईसानगर कस्बे में राशन वितरण के दौरान कोटे की दुकान पर सामाजिक दूरी के नियम तार तार हो रहे हैं। न तो कोटेदार राशन लेने के लिए आए लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करवा पा रहे हैं और न ही कार्ड धारक स्वयं इसके लिए जागरूक हैं।
किराना बाजार में भी लग रही भीड़
शहर के किराना बाजार में भी खूब भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में सामाजिक दूरी का उल्लंघन होता है। न तो दुकानदार ही इसके लिए ग्राहकों को टोकते हैं और न सामान लेने के लिए बाजार गए लोग ही इसके प्रति जागरूक हैं।