बिजुआ (लखीमपुर खीरी)। लॉकडाउन के चलते खीरी जिले के वन टांगिया बस्ती के 15 कामगार महाराष्ट्र में फंस गए हैं। मुंबई से फोन कर इन मजदूरों ने खीरी जिले में अपने परिचितों से मदद मांगी है। वहीं इस मामले में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आदित्य ठाकरे और जयंत पाटिल समेत यूपी पुलिस को ट्वीट कर घर वापसी के लिए मदद करने के लिए आगे आने की अपील की है।
जिले के भीरा वन रेंज में बसे टांगिया बस्ती के लोग मजदूरी करने बाहर जाते हैं। करीब 15 मजदूरों का जत्था छह माह से महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के सतारा कस्बे में सटरिंग का काम कर रहा था। अचानक लॉकडाउन के चलते ठेकेदार ने इन्हें सिर छिपाने को एक छोटी सी कोठरी दे दी। महाराष्ट्र से मोबाइल पर श्रवण, हरिभजन, रामेश्वर, गोवर्धन, मनोज, मुकेश, संतोष, रामभुवन, राकेश, संतोष कुमार, अंगद और रामचंद्र ने बताया कि जब पहला लॉकडाउन खत्म हुआ तो लगा कि घर आ जाएंगे, लेकिन बाद में वह फिर से लॉकडाउन में फंस कर रह गए। उनके पास खाने को नहीं बचा है, दो दिन भूखे रहे, कुछ राशन बचा है जो दो दिन पहले सेठ दे गए थे, लेकिन अब उन्हें आगे राशन मिलने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में उन्होंने मदद की गुहार लगाई है।