लखीमपुर खीरी। गांवों में बनाए गए क्वारंटीन सेंटरों/स्क्रनिंग कैंपों से भागने वाले लोगों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के आदेश डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने सभी एसओ/कोतवाल को दिए हैं। डीएम ने कहा है कि स्क्रीनिंग कैंपों में एएनएम और डॉक्टरों की टीम नियमित भ्रमण करेगी। बीएसए भोजन की व्यवस्था के लिए रसोइयों की व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने एसपी पूनम, सीडीओ अरविंद सिंह, सीएमओ डॉ मनोज अग्रवाल के साथ क्वारंटीन सेंटरों के संचालन और उनमें मूलभूत सुविधाओं को लेकर समीक्षा की। डीएम ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों को बीएचडब्ल्यू द्वारा प्रतिदिन क्वारंटीन सेंटरों का भ्रमण कर वास्तविक रिपोर्ट संकलित करने के निर्देश दिए। ब्लॉक स्तरीय मोबाइल स्वास्थ्य टीमें उन सेंटरों पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। आवश्यकता पडने पर जिला स्तरीय चिकित्सालय की मदद ली जाएगी। डीएम ने सभी एसडीएम और बीडीओ को अपने क्षेत्रों के सेंटरों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए लेखपाल, प्रधानों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम और सीओ को अपने क्षेत्र के थानाध्यक्षों द्वारा क्वारंटीन सेंटरों का नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। डीएम ने बुधवार से कोटे की दुकानों पर राशन वितरित करने के दौरान कार्डधारकों के बीच एक मीटर सामाजिक दूरी बनाने के निर्देश दिए और प्रत्येक दुकान पर हाथ धुलने के लिए साबुन रखे जाने के निर्देश दिए गए। गांवों में कच्ची शराब और अवैध तरीके से शराब बिकने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप दिनकर को दिए। बैठक में एडीएम अरुण कुमार सिंह, पीडी रामकृपाल चौधरी, बीएसए बुद्ध प्रिय सिंह, एएसपी शैलेंद्र लाल, डीएसटीओ राजेश सिंह मौजूद रहे।