पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। चीन से फैले कोरोना जैसे खतरनाक वायरस के लिए वहां के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को जिम्मेदार बताते हुए बाहर काम करके लौटे और इस समय क्वारंटीन केंद्र में आसरा लिए हुए लोगों ने रोष जताया है। साथ ही सीओ व प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
सीओ राकेश कुमार नायक व प्रभारी निरीक्षक विद्याशंकर शुक्ला को दी गई तहरीर में कहा है कि वह रोजी-रोटी कमाने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ अदि स्थानों पर गए थे। चीन की लापरवाही से कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते वे सभी भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। इन लोगों ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और मुआवजा दिलाने की मांग की है। तहरीर देने वालों में संजय कुमार, मोहम्मद रफीक, मोहम्मद शावेज, किस्मत, मुन्ना, शारदा प्रसाद, पिंकू कुमार आदि शामिल हैं। सीओ पलिया राकेश कुमार नायक का कहना है कि बाहर से आए हुए पलिया तथा नेपाली नागरिकों की तरफ से चीन के राष्ट्रपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर मिली है। इंस्पेक्टर पलिया को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।