लखीमपुर खीरी। जनपद में हैंड सैनिटाइजर की कालाबाजारी और किल्लत पर जल्द ही विराम लग जाएगा, क्योंकि जनपद में चार यूनिटों गोविंद शुगर मिल ऐरा, सिंघल इंटरप्राइजेज गोला, बजाज मिल खंभारखेड़ा और अजबापुर मिल की डिस्टलरी में हैंड सैनिटाइजर का उत्पादन शुरू हो गया है। इनमें से गोविंद शुगर मिल ऐरा और अजबापुर मिल का सैनिटाइजर बाजार में पहुंच गया है। हालांकि अजबापुर मिल ने पांच और 10 लीटर पैक में सैनिटाइजर बनाया है, जबकि गोविंद शुगर मिल ने 100 मिली, 200 मिली और 500 मिली पैक में सैनिटाइजर बनाया है।
ड्रग इंस्पेक्टर सुनील रावत ने बताया कि जनपद के थोक औषधि विक्रेता इन यूनिटों/मिलों से संपर्क करके हैंड सैनिटाइजर की आपूर्ति जनपद के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार से 200 मिली हैंड सैनिटाइजर की अधिकतम कीमत 100 रुपये निर्धारित है। यदि कोई इससे अधिक दाम वसूलता है, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अजबापुर मिल को भी 100 मिली, 200 मिली पैक में सैनिटाइजर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही इस यूनिट में भी छोटे पैक का उत्पादन शुरू हो जाएगा।