मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचने लगीं
यूपी बोर्ड परीक्षा की कापियां
- शहर के तीन कॉलेज बनाए गए मूल्यांकन केंद्र
- 23 से संभव है उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 23 अप्रैल से शुरू होगा। हालांकि अभी इसकी विभागीय घोषणा नहीं हुई है। मगर, पिछले दो दिनों से तीनों मूल्यांकन केंद्रों पर कापियां पहुंचने के साथ चल रही तैयारियों को देखते हुए जिम्मेदारों का यही कहना है।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 12 अप्रैल को समाप्त हो चुकी हैं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने के लिए शहर के तीन कॉलेज नामित हैं। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज शामिल हैं। तीनों केंद्रों पर मूल्यांकन को लेकर तैयारियों को दुरुस्त किया जा रहा है। शिक्षण कक्षों की साफ-सफाई, प्रकाश, प्रसाधन व पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया गया। मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं के बंडल लेकर ट्रक पहुंचने लगे हैं। जीजीआईसी में इंटरमीडिएट की और जीआईसी एवं गांधी विद्यालय में हाईस्कूल की कापियां जांची जाएंगी।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. शालिनी दुबे ने बताया कि मूल्यांकन के लिए उत्तर पुस्तिकाओं का आना शुरू हो गया है। मगर, मूल्यांकन कब शुरू होगा। अभी इसके बारे में कोई अधिकृत सूचना नहीं है।