जिला सहकारी बैंक की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक
जिला सहकारी बैंक लिमिटेड ने बीते वित्तीय वर्ष में 928.38 लाख का मुनाफा कमाया है जो इससे पहले के वित्तीय वर्ष की अपेक्षा 97.46 लाख रुपये अधिक है। यह जानकारी बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक वर्धन पाठक ने बैंक की 87वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में दी। बैंक परिसर में हुई इस बैठक का शुभारंभ बैंक के अध्यक्ष पपिल मनार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सहकारी ध्वजारोहण के बाद स्कूली बच्चों ने सहकारी गान पेश किया।
बैंक अध्यक्ष पपिल मनार ने बैंक की भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी वित्तीय वर्ष में जिले की शेष सभी शाखाओं में एटीएम लगाया जाएगा। शाखा से संबद्ध सभी समितियों को कंप्यूटराइज कराया जाएगा। इस मौके पर बैंक में निक्षेप वृद्धि करने और बकाया कम करने वाले शाखा प्रबंधकों और सहकारी समिति के सचिवों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बैंक के विभिन्न मानकों के अंतर्गत वर्ष की उपलब्धियों के बारे विवरण देते हुए बताया कि बैंक के निक्षेप में पिछले साल की तुलना में 115.93 करोड़ रुपये, अंशपूंजी में 4.32 करोड़, कार्यशील पूंजी में 95.77 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। बैंक की एनपीए 3.25 फीसदी से घटकर 2.74 फीसदी रह गई है। 31 मार्च 2016 को बैंक का कुल लाभ 928.38 लाख रुपया है जो पिछले साल की तुलना में 97.46 लाख रुपया ज्यादा है। बैंक अपने ग्राहकों को अच्छी और त्वरित सेवा देने का पूरा प्रयास कर रहा है।
बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक रामसरन, अनुराग पटेल को शाल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।