लखीमपुर/मोहम्मदी। मोहम्मदी क्षेत्र में गोमती नदी के जमुनिया घाट पर पुल का निर्माण अंतिम चरण में है। दोनों ओर से सड़क का निर्माण होना बाकी है। इसके बाद पुल आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मार्च 2025 में यह पुल शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद क्षेत्र के 40 गांवों के हजारों लोगों काे आवागमन में सहूलियत होगी।
मोहम्मदी क्षेत्र के जमुनिया के पास गोमती नदी पर पुल का निर्माण सेतु निगम की ओर से कराया जा रहा है। जमीन अधिग्रहण से लेकर पुल निर्माण और दोनों और सड़क निर्माण में 25.48 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। पुल का निर्माण करीब-करीब पूरा हो चुका है। अब दोनों ओर से सड़क का निर्माण होना है।
पुल की लंबाई करीब 181.5 मीटर है। उसके दोनों ओर सड़क का निर्माण करीब 4.3 किलोमीटर कराया जाना है। एक ओर 3010 मीटर, जबकि दूसरी ओर 1342 मीटर सड़क निर्माण किया जाना है। सड़क का निर्माण भी शुरू हो चुका है। कुछ जगह जमीन का विवाद था, जिसका अब समाधान हो चुका है।
घूमकर जाने से मिलेगी राहत
गोमती नदी के जमुनिया घाट पर पुल बनने से लोगों को अब घूमकर जाने से राहत मिलेगी। अब तक लोगों को मोहम्मदी, पुवायां होते हुए खुटार जाना पड़ता था, लेकिन अभी सीधे पुल से बड़ी आसानी से खुटार या इससे आगे जाया जा सकेगा।
इसका निर्माण होने से मियांपुर कॉलोनी, पलिया, खजुहा केहुआ, जरिया, बैनी बिलहरा शेखापुर, अटसर रधोला, रामपुर, राजा भगेली, भूड़ा पिपरी, बिचपुरी, मोहम्मदी सरायं, राजापुर बेनी, नयागांव, ईटारोरा, शाहपुर राजा, दरियाबाद पलिया, रोरबा, गुलरिया परवसतनगर, सिसौरा निकूम, खजुरिया, नकेड़ा, धमोला पटना, दुवाहा, मगरेना, बौआ तुरसिया, बेला और पुल के उत्तर मुकुंदपुर, परवरिश नगर, दुल्हापुर, मौठी खेड़ा, गंगापुर, इटौआ, देवलरिया, लौकी खेड़ा बंजरिया, शिवपुरी, पड़री, हिम्मतपुर उमरपुर कहमरिया चठिया, मूड़ा ग़ालिब, हिम्मतपुर देवीपुर पहलापुर, सहिजनिया, मुक़दापुर मन्नापुर गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।
पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने को है। सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मार्च 2025 तक निर्माण पूरा करना है। समय से पहले ही काम पूरा करा लिया जाएगा। जमीन अधिग्रहण से लेकर पुल और सड़क निर्माण का कुल बजट 25.48 करोड़ है। - लोकेंद्र प्रताप सिंह, विधायक