बांकेगंज। मोतीपुर गांव में 14 अप्रैल को आंबेडकर प्रतिमा टूटने के छठे दिन फिर माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। पुलिस इस घटना को लेकर सक्रिय हो गई है। मामले में 33 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद माहौल पूरी तरह शांत था।
मोतीपुर गांव में 14 अप्रैल को अवैध रूप से आंबेडकर प्रतिमा लगाने और हटने के बाद हुए उपद्रव में भारी तोड़फोड़ और बवाल हुआ था। दो सरकारी गाड़ियों को जलाने के साथ ही छह वाहन तोड़ दिए गए थे। उपद्रवियों के पथराव से कई पुलिस अधिकारी और जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 33 लोगों को गिरफ्तार किया, जिससे माहौल शांत था।
रविवार को असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया पर एक बार फिर माहौल बिगाड़ने की साजिश की। फेसबुक यूजर राहुल सोनी ने उपद्रव में गिरफ्तार मोतीपुर गांव निवासी आरोपी जयपाल की जेल में मृत्यु की भ्रामक सूचना पोस्ट कर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। उसके इस दावे के बाद जब यह अफवाह पूरे इलाके में फैली तो लोगों का गुस्सा फिर भड़कने लगा।
इधर जब थाना मैलानी पुलिस को यह जानकारी हुई तो पुलिस तुरंत हरकत में आई और अपील जारी कर लोगों से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही चेताया कि यदि कोई इस तरह की अफवाहें फैलाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मैलानी थानाध्यक्ष ब्रजेश सिंह मौर्य, नायब तहसीलदार गोला ताहिर परवेज, राजस्व निरीक्षक प्रेम सिंह ने इलाके में लाउड स्पीकर से घोषणा की कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं होगी। सोशल मीडिया पर झूठी सूचना फैलानी वाली अफवाहों पर ध्यान न दें। असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।
एएसपी अमित कुमार राय ने बताया कि सोशल मीडिया पर राहुल सोनी नामक व्यक्ति ने भ्रामक पोस्ट डालकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई थी, लेकिन लोगों को आगाह कर माहौल बिगड़ने से रोक दिया गया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
इलाके में दोपहर तक रही अफरा-तफरी
सोशल मीडिया पर जेल में बंद आरोपी की मौत की झूठी अफवाह फैलने के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इस बात की जानकारी के लिए लोग एक-दूसरे से पता लगाने में जुटे रहे। गांवों और बाजार में सन्नाटा पसर गया। पुलिस की लाउड स्पीकर से घोषणा के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद बाजार और सड़कों पर फिर रौनक दिखने लगी।
बांकेगंज में लोगों को हिदायत देती पुलिस। स्त्रोत- पुलिस विभाग।