रोडवेज बसअड्डे पर खड़ी लाइट टूटी बस स्रोतसंवाद
लखीमपुर खीरी/ गोला गोकर्णनाथ। सर्दी शुरू होने के बावजूद लखीमपुर और गोला डिपो के कोहरे में बस संचालन के इंतजाम अधूरे पड़े हैं। लखीमपुर डिपो की 20 फीसदी बसों में रिफ्लेक्टिर लगने बाकी हैं। गोला डिपो की आधी से अधिक बसों में फॉग लाइट ही नहीं है। हालांकि डिपो के अधिकारी दो से चार दिन में सभी तैयारियां पूरी करने का दावा कर रहे हैं।
मौसम में बदलाव आते ही सुबह और रात के समय कोहरा पड़ने लगा है। इसका असर वाहनों के आवागमन और यात्रियों के सफर पर पड़ना शुरू हो गया। लखीमपुर डिपो में 100 अनुबंधित बसें हैं। 20 फीसदी बसों में रिफ्लेक्टर नहीं लग सका है। एआरएम मुकेश मेहरोत्रा ने बताया कि बसों की नियमित जांच की जा रही हैं। कमियों को दुरुस्त कराया जा रहा है। 80 फीसदी बसों में रिफ्लेटर लगवा दिया गया है। कोहरे में बस संचालन के संबंध में चालक-परिचालकों को जरूरी निर्देश भी दिए गए हैं। बसों की खिड़कियों के शीशे भी दुरुस्त करा दिए गए हैं।
20 में लगी फॉग लाइट, 50 बसों में काम बाकी
गोला डिपो में परिवहन निगम की 70 बसें हैं। शनिवार की शाम चार बजे बस अड्डे पर खड़ी बनारस रूट की बस में रिफ्लेक्टर नहीं लगा था। अन्य बसों में भी यही स्थिति नजर आई। अधिकांश बसें अधूरे इंतजामों के साथ फर्राटा भर रही हैं। केंद्र प्रभारी कमलेश वर्मा ने बताया कि बसों में फॉग लाइट लगाने का काम एक दिन पहले शुरू करा दिया गया है। 20 बसों में फॉग लाइट और रिफ्लेक्टर लग चुके हैं। अन्य में भी जल्द ही लगाए जाएंगे। निगम की सभी बसों की खिड़कियों के कांच सही करा दिए गए हैं।
रोडवेज बसअड्डे पर खड़ी लाइट टूटी बस स्रोतसंवाद