ईदगाह और राजगढ़ के लोगों को रात में कई घंटे नहीं मिली बिजली
गर्मी बढ़ते ही शहर के छाउछ उपकेंद्र से जुड़े ईदगाह और राजगढ़ मोहल्लों में बिजली की समस्या गहराने लगी है। पिछले दो दिनों से तार टूटने और उपकेंद्र में आग लगने के कारण बदहाल हुई बिजली व्यवस्था में अभी कोई सुधार नहीं हुआ है। बिजली की समस्या और लोगों के आक्रोश को देखते हुए बुधवार की रात संविदा कर्मियों ने ईदगाह शिकायत केंद्र पर ताला जड़ दिया और खिसक गए। लोग जब शिकायत करने पहुंचे तो शिकायती केंद्र पर ताला लटकता हुआ देखकर भौचक रह गए। लोगों का कहना था दो-दो घंटे के अंतराल पर बिजली सप्लाई मिलने से काफी दिक्कत हो रही है। दो दिनों से सप्लाई ठप है। बता दें कि छाउछ उपकेंद्र में आग लगने से पिछले दो दिनों से एक दर्जन मोहल्लों की बिजली सप्लाई प्रभावित है। बुधवार की रात साढ़े नौ बजे कटौती की गई और रात दो बजे के बाद बिजली सप्लाई बहाल हुई। इसके बाद सुबह पांच बजे फिर बिजली काट दी गई। जिससे लोगों को बिजली के साथ-साथ पानी की सप्लाई भी नहीं मिली। लोगों का आरोप है कि बिजली कर्मियों की लापरवाही के कारण उन्हें दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। बिजली अधिकारी अपना फोन तक नहीं उठाते, जिसकी वजह से बिजली के बाबत कोई जानकारी नहीं हो पाती है। इधर, एसडीओ टाउन राहुल शर्मा ने बताया कि आग लगने के बाद स्थिति सामान्य नहीं हुई है। एक ही वीसीवी से दो घंटे के अंतराल पर दो-दो फीडरों को बिजली दी जा रही है। एसडीओ ने जल्द दिक्कत दूर होने का भरोसा दिलाया है।
ट्रिपिंग से बिजली सप्लाई बाधित, परेशानी
मैलानी में बार-बार ट्रिपिंग होने से नगर की बिजली सप्लाई बाधित हो गई है, जिससे गर्मी में लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
बृहस्पतिवार को सुबह ट्रिपिंग की समस्या पैदा हो गई। बार-बार बिजली का आना और जाना लगा रहा। अंतत: दोपहर में बिजली सप्लाई बाधित हो गई। लाइनमैन पवन रस्तोगी ने बताया कि तेज हवाएं चलने की वजह से 11 केवीए लाइन से पेड़ों की शाखाएं टकराने के कारण ट्रिपिंग की समस्या हो रही हैं। लाइन की पेट्रोलिंग के लिए लाइनमैन रस्तोगी खुद स्टाफ के साथ रवाना हुए। उन्होंने बताया कि लाइन के आसपास जगह-जगह ऊंचे पेड़ तथा बांस लगे हैं, जिनकी शाखाओं के लाइन से टकराने से ट्रिपिंग की समस्या पैदा हुई है। हालांकि लू चलने से पहले लाइन के आसपास स्थित पेड़ों की लापिंग कराई जा चुकी है, लेकिन फिर भी समस्या सामने आई है। अब फिर से लापिंग कराई जा रही है, ताकि लू, अंधड़ और तेज हवाओं के दौरान भी अबाध सप्लाई हो सके। उधर दोपहर से ही बिजली गायब हो जाने से लोगों को गर्मी में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।