पलिया गन्ना समिति में नारेबाजी करते कर्मी। संवाद
- फोटो : अटल पार्क के बाहर युवक का गिरेबान पकड़ झकझोरती युवती। वीडियो ग्रैव
पलियाकलां। सहकारी गन्ना विकास समिति के कर्मचारियों ने अध्यक्ष अभिषेक कुमार अवस्थी और उनके भाई निशांत कुमार अवस्थी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, उन पर कर्मचारियों ने लगातार प्रताड़ित करने, गाली-गलौज करने और मारपीट की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। समिति में कार्य बहिष्कार कर कर्मियों ने नारेबाजी भी की।
समिति के सभी कर्मचारियों ने गन्ना एवं चीनी उद्योग, उत्तर प्रदेश (लखनऊ) के आयुक्त को एक शिकायती पत्र भेजा है। आरोप लगाया कि 22 अगस्त 2026 को अध्यक्ष के छोटे भाई निशांत कुमार अवस्थी ने माहौल बिगाड़ते हुए समिति के डेटा प्रभारी रमाशीष मौर्य पर सभी कर्मचारियों के सामने हमला करने का प्रयास किया।
कर्मचारियों का आरोप है कि अध्यक्ष और उनके भाई द्वारा खुलेआम दी जा रही धमकियों और गुंडागर्दी के कारण कार्यालय में काम करना असंभव हो गया है। दहशत के माहौल के चलते डरे-सहमे कर्मचारियों ने विभाग से मांग की है कि जब तक इन पर कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका इस समिति से अन्यत्र सामूहिक स्थानांतरण किया जाए ताकि वह अपने परिवार की सुरक्षा के साथ काम कर सकें। उन्होंने इस पत्र की एक प्रति एसडीएम को भी सौंपी है।
समिति के सचिव ज्ञान प्रकाश का कहना है कि हमारे कर्मचारी की मांगों पर जब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक हम कार्य नहीं करेंगे।
समिति अध्यक्ष अभिषेक अवस्थी का कहना है कि हमले आदि के प्रयास के आरोप बेबुनियाद हैं। उनके द्वारा कार्यों को नियमों के तहत करवाए जाने, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के उनके कदमों के खिलाफ सोची समझी रणनीति के तहत उनके खिलाफ ये सब किया जा रहा है।