नसीरुद्दीन मौजी भवन के प्रांगण में हुआ लॉ माटीना का वार्षिकोत्सव
लॉ माटीना स्कूल का वार्षिकोत्सव नसीरुद्दीन मौजी भवन के प्रांगण में हुआ। इसमें विद्यालय के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर मौजूद लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्व स्तर के चाइल्ड फोटोग्राफर अनुराग यादव और उनकी पत्नी अभिलाषा यादव ने दीप जलाकर किया।
ईश वंदना के बाद बच्चों ने अनेक रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। जहां एक ओर ‘भ्रष्टाचार के साइड इफेक्ट’ और ‘कब होगी सुबह हमारी’ नाटक से समाज में फैली कुरीतियों की ओर ध्यान दिलाया। बच्चों ने सीमा पर पहरा देते सैनिकों की भावनाओं का अभूतपूर्व प्रदर्शन भी किया। प्ले ग्रुप और नर्सरी के बच्चों ने अपनी मनमोहक अदाओं और नृत्य से सबका मन मोह लिया।
सेव गर्ल चाइड को दर्शाता भावात्मक नृत्य ओ री चिरैया यहां बैठे सभी अभिभावकों के मन को छू गया। शास्त्रीय और पाश्चात्य नृत्यों का अद्भुत समागम इस कार्यक्रम में देखने को मिला। अनेक भारतीय नृत्यों की श्रंखला में गुजरात का ढोल बाजे और पंजाब के भांगड़ा ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक दीर्घा में बैठे अभिभावक और अन्य दर्शक भी खुद को नहीं रोक सके। कार्यक्रम का संचालन साधिका कपूर और पारुल कांत बनर्जी ने किया।