पलटा सीएनजी ट्रक-स्रोत सोशल मीडिया
लखीमपुर खीरी। शहर से सटे एलआरपी चौकी क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब एक बजे सीएनजी से भरा ट्रक पलट गया। हादसे के बाद ट्रक से गैस का रिसाव शुरू होने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे तक बचाव कार्य चलाया। इस दौरान यातायात रोककर ट्रक को सुरक्षित तरीके से सीधा कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक गोला की ओर जा रहा था। खखरा चौराहे के पास मोड़ पर मुड़ते समय वह अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर पहले आसपास का यातायात रोक दिया गया और लोगों को दूर किया गया।
शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सीएनजी से भरा ट्रक शाहजहांपुर से आया था और पलिया के एक पंप पर गैस उतारने जा रहा था। खखरा चौराहे के पास ट्रक पलटने से गैस का रिसाव होने लगा था।
उन्होंने बताया कि खुला मैदान होने के कारण स्थिति को नियंत्रित करना आसान रहा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को खाली कराया गया। इसके बाद उसे ठंडा करने की प्रक्रिया की गई और फिर क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा किया गया। इस दौरान आसपास के लोगों की सुरक्षा पर भी निगरानी रखी गई।