ओयल। जिला अस्पताल में संदिग्ध युवकों की गतिविधियां अब भी जारी हैं। चिकित्सकों के साथ बैठे इस तरह के कई युवकों पर पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। बावजूद इन पर लगाम नहीं लगी। सोमवार को एक बार फिर से सीएमएस ने संदिग्ध दो युवकों को पकड़वाकर पुलिस के हवाले कर दिया।
दोपहर करीब एक बजे सीएमएस डॉ. आरके कोली अस्पताल में निरीक्षण के लिए निकले। उन्होंने बताया कि जब वह ऑर्थो वार्ड के बाहर पहुंचे तो वहां मौजूद एक संदिग्ध युवक से उन्होंने पूछताछ की। इस दौरान वह सही से जवाब नहीं दे सका। मेडिकल वार्ड में दूसरा संदिग्ध युवक टहलता हुआ मिला, वह भी खुद के जिला अस्पताल में होने का सटीक कारण नहीं दे सका। दोनों युवकों को पकड़कर ओयल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जहां पूछताछ में दोनों ने अपना नाम इलियास पुत्र नसीमुल्ला निवासी सढ़ौना थाना खीरी व दूसरे ने धमेंद्र पुत्र धनकू निवासी शारदा नगर बताया। चौकी इंचार्ज पटेल राठी ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवकों का शांति व्यवस्था के दृष्टिगत चालान भेज दिया गया है।