विभागीय भुगतान में लेटलतीफी करने का है आरोप, यूनियन में है आक्रोश
सीएमओ ऑफिस में तैनात वरिष्ठ सहायक बालक राम को विभागीय भुगतान में लेटलतीफी और कर्मचारियों को भुगतान की खातिर अपने ऑफिस के बार बार चक्कर लगवाना महंगा पड़ गया। कुछ कर्मचारियों की शिकायत पर स्वास्थ्य निदेशक ने उनको निलंबित कर दिया। उधर इनके निलंबन को लेकर कर्मचारी यूनियन में आक्रोश है। यूनियन के लोगों ने निलंबन वापस न लिए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बालक राम सीएमओ आफिस में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं और राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के भुगतान पटल का कार्य देखते हैं। इन पर विभागीय भुगतान में लेटलतीफी करने का आरोप लगाया गया है इसी के साथ एक कर्मचारी ने भी इन पर वेतन भुगतान के लिए बार बार पटल पर दौड़ाए जाने का आरोप लगाते हुए एनआरएचएम के नोडल अधिकारी डॉ.बीवी राम से शिकायत की थी। जिस पर उन्होंने इस शिकायत से आलाधिकारियों को अवगत करवा दिया था। जिस पर स्वास्थ्य निदेशक ने बालक राम के खिलाफ निलंबन की कारवाई की है। उधर इसकी पुष्टि करते हुए सीएमओ डॉ जावेद अहमद ने बताया कि विभागीय भुगतान में देरी किए जाने को लेकर इनकी शिकायत हुई थी, जिसकी रिपोर्ट पर निलंबन किया गया है।
निलंबन वापस ने होने पर संगठन करेगा आंदोलन
लखीमपुर खीरी। वरिष्ठ सहायक बालकराम के निलंबन को लेकर यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के पदाधिकारियों में आक्रोश है। पदाधिकारियों ने सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर डॉ.बीवी राम पर आरोप लगाया है कि इनके बताए गए अनियमित कार्यों को बालक राम करने से मना कर देते थे, इसलिए उनके खिलाफ उच्चाधिकारियों को भ्रमित करके इनका निलंबन कराया गया है, जो पूर्णत: गलत है। एसोसिएशन के जिला मंत्री धीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस संबंध में जिला कार्यकारिणी की बैठक होगी जिसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी।