लखीमपुर खीरी। गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुए सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ एवं परिवहन विभाग की 55.70 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण/ शिलान्यास कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इसमें मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करने की वर्चुअल शपथ दिलाई।
सीधे प्रसारण के बाद डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की सार्थकता एवं प्रासंगिकता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम सब यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लें। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा कार्यक्रमों को मूर्त रूप देने के निर्देश दिए। एसपी विजय ढुल ने कहा कि जिले में यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही उन्हें संकल्प दिलाकर अन्य लोगों को भी यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम का संचालन एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे ने किया। इस दौरान एएसपी अरुण कुमार सिंह, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन एनके यादव, एक्सईएन देवेंद्र सिंह, एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार सिंह, डीआईओएस ओपी त्रिपाठी, एसीएमओ डॉ. संतोष चक सहित यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।