लखीमपुर खीरी। मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित जिला अस्पताल की चारों लिफ्ट करीब दो माह से खराब हैं। इससे दूसरी और तीसरी मंजिल पर स्थित चिकित्सकों के कक्षों तक पहुंचने के लिए मरीजों और तीमारदारों को सीढ़ियों या रैंप का सहारा लेना पड़ रहा है। बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
सोमवार को अवकाश के बाद ओपीडी खुलने पर करीब 900 नए मरीजों का पंजीकरण हुआ। फिजीशियन, ईएनटी, त्वचा रोग, बाल रोग, मन कक्ष और नेत्र रोग विशेषज्ञों के कक्षों के बाहर मरीजों की कतार लगी रही। पर्चा काउंटर, जांच और दवा वितरण केंद्रों पर भी भीड़ रही। ऐसे में खराब लिफ्टों के कारण ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना मरीजों के लिए और मुश्किल हो गया।
विष्णु, इकरार, साक्षी और निहारिका ने बताया कि पहले लिफ्ट से आने-जाने में सहूलियत मिलती थी, लेकिन अब सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। अस्पताल प्रशासन को जल्द लिफ्ट ठीक करानी चाहिए।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता ने बताया कि पानी भरने के कारण लिफ्ट बार-बार खराब हो जाती हैं। इन्हें ठीक कराने के लिए बिड डाली गई है। जल्द ही चारों लिफ्ट सही करा दी जाएंगी।