संपूर्णानगर। ग्राम पंचायत सिंगाही खुर्द में बीते कई दिनों से जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिली है। सामाजिक संस्था युवा जनहित सेवा समिति की मांग और नवागत सचिव के निरीक्षण के बाद गांव में युद्ध स्तर पर नालियों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है।
हाल ही में युवा जनहित सेवा समिति ने नवागत पंचायत सचिव कृष्ण कुमार गुप्ता को गांव का भ्रमण कराकर बजबजाती नालियों की स्थिति दिखाई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए, सचिव ने ब्लॉक से संपर्क कर आठ सफाई कर्मियों की टीम तैनात की और दो दिवसीय सफाई रोस्टर लागू कर दिया। मंगलवार को सचिव कृष्ण कुमार गुप्ता और ग्राम रोजगार सेवक रवींद्र गुप्ता की मौजूदगी में वार्ड संख्या चार और सात में सफाई अभियान चलाया गया।
टीम में सफाई कर्मी गोविंद राणा, श्रीकिशन, रोशन लाल, मीरा देवी, मंजू, सरोजनी, पप्पू राम और राज अली शामिल रहे। पंचायत सचिव ने बताया कि बीते दिनों निरीक्षण के दौरान नालियों की स्थिति काफी खराब मिली थी। उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर दो दिन के लिए आठ सफाई कर्मियों की टीम लगाई गई है। हमारा प्रयास है कि सप्ताह में दो दिन का यह रोस्टर स्थायी रूप से लागू रहे, ताकि स्वच्छता बनी रहे। संवाद