लखीमपुर खीरी जिले में भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है। फूलबेहड़ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गडरियनपुरवा में सोमवार को गर्मी के कारण एक छात्रा बेहोश हो गई।
लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गडरियनपुरवा में सोमवार को कक्षा पांच की एक छात्रा अचानक गश खाकर बेहोश हो गई। इस घटना से स्कूल में खलबली मच गई। शिक्षकों ने तत्काल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां इलाज शुरू होने के कुछ देर बाद उसकी हालत सामान्य हो गई। इसके बाद छात्रा को उसके घर भेज दिया गया।
विज्ञापन
शिक्षकों का कहना है कि गर्मी की वजह से छात्रा को दिक्कत हुई और वह अचानक बेहोश हो गई। गौरतलब है कि सोमवार से ही स्कूल के समय में बदलाव किया गया है। अब विद्यालय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक संचालित हो रहे हैं। इससे पहले स्कूल सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक लगते थे। गर्मी और उमस से बच्चे परेशान हो रहे हैं।