लखीमपुर खीरी। फोन मिलाने पर न तो एक बार में कॉल लगती है और यदि लगती भी है तो बात करते समय कट जाती है। कमजोर नेटवर्क के कारण पहली बार में फोन न मिलना, बिना घंटी जाए ही फोन रिसीव होना एवं इंटरनेट की बेहद धीमी गति की समस्या अब आम हो गई है। ऐसे में जिले के करीब दस लाख उपभोक्ता 4जी स्पीड के चक्कर में ठगे जा रहे हैं।
टेलिकॉम कंपनियों की तकनीकी खामियों से उपभोक्ता वर्ग न सिर्फ हैरान है, बल्कि उनकी सेवाएं लेने को मजबूर भी है, क्योंकि कमोबेश लगभग सभी टेलिकॉम कंपनियों का एक ही रवैया है।
बेहतर सुविधा नहीं, कनेक्शन बढ़ाने पर रहता है ध्यान
निजी टेलीकॉम कंपनियों से जुड़े लोगों का कहना है सबका ध्यान केवल कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने पर रहता है, लेकिन उपभोक्ताओं को स्पीड कैसी मिल रही है इस पर कोई ध्यान नहीं देता। एक निजी कंपनी के कर्मचारी का कहना है कि चाहें बीएसएनएल हो या फिर अन्य निजी नेटवर्क, सब में नेटवर्क क्षमता बढ़ाने की जरूरत है।
उपभोक्ताओं का दर्द सुनने वाला भी कोई नहीं
कमजोर नेटवर्क के मामले में बीएसएनएल के उपभोक्ता तो तहसील मुख्यालय पर बैठे एसडीओ एवं जिला मुख्यालय पर बैठे टीडीएम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, लेकिन निजी कंपनियों का कोई जिम्मेदार अधिकारी न होने के कारण बेचारे उपभोक्ता अपनी शिकायत तक नहीं कर सकते हैं। ऐसे में कंपनियां मनमानी कर उपभोक्ताओं को ठग रही हैं।
सभी मोबाइल कंपनियां बेहतर नेटवर्क और 4जी स्पीड देने का दावा करती हैं। मगर हकीकत तो यह है कि एक बार में फोन तक नहीं मिलता। सरकार को टेलीकॉम कंपनियों की मनमानी पर अंकुश लगाना चाहिए।
- अजीत वर्मा, उपभोक्ता
सभी टेलीकॉम कंपनियां नेटवर्क के मामले में अपने को बेहतर बताती हैं। रिचार्ज 4जी कराते हैं, लेकिन स्पीड 3जी तक नहीं होती। ऐसे में वर्चुअल मीटिंग में दिक्कत होती है।
- सुष्मिता वर्मा, मैनेजर, महिला अस्पताल
अब अधिकतर वर्चुअल बैठकें होती हैं। विभागीय बैठक भी वीडियो कॉल से होती है। मगर कमजोर नेटवर्क होने के कारण बार-बार डिस्कनेक्ट की नौबत आती है।
- रत्नेश चंद्र, पीओ डूडा
मोबाइल कंपनियां निरंकुश हैं। 4जी स्पीड देने का दावा करके उपभोक्ताओं को ठग रही हैं। ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान कई-कई बार कॉल कट तक जाती है। इससे पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न होता है।
- नंदिनी सिंह छात्रा
बीएसएनएल बकाया बिलों पर दे रहा 50 प्रतिशत तक छूट
टीडीएम ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बिल बकाया है, उनके लिए बीएसएनएल ने छूट का लाभ देने का ऐलान किया है। बकाया बिल जमा करने पर 10 से लेकर 50 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है।
उपभोक्ताओं को बेहतर नेटवर्क सुविधा दिलाने के लिए प्रयास जारी है। अक्तूबर तक जहां 24 घंटे में करीब 11 घंटे नेटवर्क सुविधा मिल रही थी वह अब बढ़कर 18 घंटे हो गई है। आगे आने वाले दिनों में जिलेवासियों को और बेहतर नेटवर्क की सुविधा मिलेगी।
- एसबी यादव, टीडीएम बीएसएनएल