गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। तहसील गेट के सामने चारागाह की जमीन पर बनी 23 दुकानों को सील करने का मामला सोमवार को तूल पकड़ गया। अवैध निर्माण कराने वाले दुकानदार अपने साथियों के साथ तहसील परिसर पहुंचे और तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। विधायक अरविंद गिरि दुकानदारों के पक्ष में तहसील पहुंचे तो मामला गरमा गया। देखते ही देखते वकील और विधायक आमने सामने आ गए। जहां एक ओर विधायक ने दुकानदारों को न्याय दिलाने की बात की तो वहीं बार संघ अध्यक्ष ने विधायक पर भू माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
बांकेगंज रोड स्थित तहसील गेट के सामने गाटा संख्या 232, 233, 234 पर सुरक्षित चारागाह की भूमि को कब्जा मुक्त कराकर ध्वस्तीकरण की मांग करते हुए सेंट्रल बार एसोसिएशन अध्यक्ष लालबिहारी वर्मा के नेतृत्व में वकील 17 दिसंबर से आंदोलन कर रहे थे। तहसीलदार कोर्ट में 13 अवैध कब्जेदारों के खिलाफ मुकदमा चल रहा था। जिनके खिलाफ 15 दिसंबर को आदेश हुआ। शुक्रवार को तहसील प्रशासन ने 13 में से व्यावसायिक उपयोग करने वाले छह दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई कर 23 दुकानें खाली कराने के बाद सील कर दीं और उन्हें कब्जे में ले लिया था।
तहसील प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में निवर्तमान प्रधान के प्रतिनिधि शकील अहमद, गौरीशंकर, विशाल गुप्ता, दाताराम, राजेंद्र कुमार आदि ने अपने साथियों के साथ सोमवार को तहसील परिसर में प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। जानकारी पाकर एसडीएम अखिलेश यादव, तहसीलदार विपिन द्विवेदी, सीओ रविन्द्र कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे दलबल के साथ तहसील जा पहुंचे और बवाल की आशंका में पुलिस बल तैनात कर दिया। इस दौरान दुकानदारों और बार संघ अध्यक्ष, वकीलों के बीच झड़प हो गईं। सूचना पाकर विधायक अरविंद गिरि के वहां पहुंचने से मामला गरमा गया। विधायक और वकील आमने-सामने आ गए। मामला बिगड़ता देख तहसील प्रशासन के हाथ पांव फूल गए, किसी तरह अधिकारियों ने मामला शांत कराया। विधायक ने दुकानदारों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
विधायक ने कहा तहसीलदार करें पुर्नविचार
विधायक अरविन्द गिरि ने एसडीएम अखिलेश यादव की मौजूदगी में तहसील सभागार में कार्रवाई से आहत दुकानदारों से वार्ता कर तहसीलदार न्यायालय के आदेश पर पुर्नविचार करने को कहा। उनका कहना था कि जब दुकानें बन रहीं थी तब तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारी कहां थे, उन्हें रोकना चाहिए था। उन्होंने एक सप्ताह में सुनवाई करने और न्यायसंगत निर्णय लेने की बात कही। अन्यथा की स्थिति में विधायक ने प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
विधायक पर भू माफिया को संरक्षण देने का आरोप
गोला गोकर्ण नाथ। सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लालबिहारी वर्मा ने भाजपा विधायक पर भू माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजकर एसआईटी से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। बार संघ अध्यक्ष ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, उक्त भूमि पर अधिवक्ताओं के चेंबर बनवाने लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई और एसआईटी कमेटी से जांच करवा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संवाद
गोला तहसील में प्रदर्शन करते वकील। संवाद- फोटो : LAKHIMPUR