निघासन (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र के अदलाबाद-झंडी के बीच में बह रहे बहतिया नाले में गुरुवार को पैर फिसलने से 10 वर्षीय बालिका गहरे पानी में गिर गई, भतीजी को पानी में डूबता देख 12 वर्षीय बुआ उसे बचाने के लिए नाले में उतर गई और वह भी डूब गई। जानकारी पर पहुंचे परिजन ने गोताखोरों की मदद से करीब आधे घंटे बाद दोनों के शव बाहर निकाले। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामाभर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
झंडी बाजार बाग निवासी दुजई ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब नौ बजे उनकी पुत्री रोशनी (12), पौत्री अंजू (10) पुत्री रमेश एक अन्य सहेली सरिता के साथ बकरियां चराने के लिए गईं थी। बकरियां चराते हुए वे लोग शारदा नदी से निकले बहतिया नाले के किनारे पहुंच गईं। वहां पर अचानक अंजू का पैर फिसल गया जिससे वह नाले में गिर गई और पानी अधिक होने के कारण डूबने लगी। अंजू को डूबते हुए देख रोशनी भी उसे बचाने के लिए नाले में उतर गई, लेकिन पानी अधिक होने के कारण वह भी डूब गई। इसी बीच झंडी छोटे चौराहे की रहने वाली छिब्बर की पुत्री वहां से निकली। उसने दोनों के डूबने की सूचना गांव वालों को दी। मौके पर पहुंचे सोनू, श्रीकेशन, गुड्डू, सुक्खा आदि गोताखोर नाले में उतर गए और करीब आधे घंटे बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले। सूचना पर पहुंचे झंडी चौकी इंचार्ज राहुल सिंह ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह और भाजपा प्रदेश सहसंयोजक राजेश्वर सिंह ने परिवार वालों को ढांढस बंधाया।