लखीमपुर खीरी। शहर की राजापुर मंडी स्थित विपणन शाखा के क्रय केंद्र द्वितीय पर किसानों से धन उगाही किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपों की पुष्टि होने के बाद क्षेत्रीय विपणन अधिकारी रामस्वरूप ने केंद्र प्रभारी, हैंडलिंग ठेकेदार समेत तीन लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में धोखाधड़ी, साजिश रचने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राजापुर मंडी स्थित विपणन शाखा के क्रय केंद्र द्वितीय पर हैंडलिंग ठेकेदार का खुद को प्रतिनिधि बताकर किसान से 37 रुपये प्रति क्विंटल की दर से रुपये मांगे गए थे, जिस बातचीत का किसान जवाहर सिंह निवासी पकरिया ने वीडियो क्लिप बना ली। किसान जवाहर सिंह ने इसकी शिकायत जिला खाद्य विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय से की, तो उन्होंने मामले की जांच क्षेत्रीय विपणन अधिकारी से कराई। जांच में पाया गया कि हैंडलिंग ठेकेदार अतुल कुमार वाजपेयी का प्रतिनिधि बताने वाले आलोक शर्मा ने किसान से कहा कि 37 रुपये खर्च किए बिना गेहूं की तौल कराना कदापि संभव नहीं है। जांच में पता चला कि आकाश शर्मा मंडी में बिचौलिया का काम करता है। एएमओ ने केंद्र प्रभारी सोनम सिंह समेत हैंडलिंग ठेकेदार और कथित प्रतिनिधि आकाश शर्मा के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षण अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के बाद आवश्यक हुआ तो आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सकती है।