बिजुआ। बस्तौली गांव में कोटे की दुकान पर एक युवक ने कम गल्ला बांटे जाने का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। वीडियो में कोटेदार के परिवार के लोग युवक से झगड़ते भी दिख रहे हैं, हालांकि इस वीडियो पर कोटेदार ने खुद को साजिशन फंसाने का आरोप लगाया है।
बिजुआ ब्लॉक के बस्तौली गांव का मुकेश अपनी माता शिवरानी के नाम पर जारी कार्ड पर गल्ला लेने गया था, आरोप है कि मुकेश के कार्ड में छह यूनिट होने के बावजूद उसे 30 किलो के स्थान पर 27 किलो राशन दिया गया। इस बात पर मुकेश पूरा राशन मांगते हुए मोबाइल से क्लिप बनाने लगा। मुकेश के मुताबिक उसके राशन को दोबारा में तौलकर पूरा किया गया, लेकिन मौके पर मौजूद राशन तौल रहे कोटेदार के भाई छविनाथ और मौजूद भवानी के साथ परशुराम उसे मारने पर तैयार हो गए, उसका मोबाइल छीनने लगे, साथ ही देख लेने की धमकी भी दी। सारा मामला मोबाइल में रिकॉर्ड कर युवक ने वीडियो वायरल कर दिया। इसके बाद लोगों ने तरह तरह के कमेंट किए।