लखीमपुर खीरी। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी और ठेकेदार के बीच बुधवार की रात विवाद हो गया। ईओ ने ठेकेदार पर पिस्टल तानने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। ईओ के आवास पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि सत्तापक्ष के एक माननीय दोनों पक्षों में सुलह कराने की कोशिश में हैं। अभी ईओ ने इस मामले में तहरीर नहीं दी है।
ईओ आरआर अंबेश ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे ठेकेदार राजू वर्मा उनके आवास पर आए। आरोप है कि वह गाली गलौज करने लगे, उन्होंने विरोध किया तो ठेकेदार ने पिस्टल निकाल ली। यह देख वह दहशत में आ गए और सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ठेकेदार को पकड़कर अपने साथ कोतवाली ले आई। ईओ ने बताया कि ठेकेदार ने जो काम कराए थे, उनमें गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। उन्होंने ठेकेदार से निर्माण कार्य मानक अनुरूप कराने के लिए कहा था। इससे वह नाराज चल रहे थे।
ईओ जो भी आरोप लगा रहे हैं वह गलत हैं। कुछ पुराना भुगतान बकाया है। उसके लिए गया था, उसी में थोड़ी तकरार हो गई। पिस्टल तानने का आरोप गलत है।
-राजू वर्मा, ठेकेदार
झगड़ा होने की सूचना मिली है, लेकिन विवाद क्यों हुआ यह नहीं मालूम। ईओ को लेकर तो ठेकेदार ही आए हैं।
-निरुपमा बाजपेई अध्यक्ष, नगर पालिका लखीमपुर खीरी
ईओ ने विवाद होने की सूचना दी थी। पुलिस मौके पर गई थी। ठेकेदार को हिरासत में लिया है, अभी कोई तहरीर नहीं आई है। यदि तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-अजय प्रकाश मिश्र प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर