तिकुनियां (लखीमपुर खीरी)। कृषि उत्पादन मंडी समिति तिकुनियां में पीसीयू क्रय केंद्र पर शुक्रवार से गेहूं की खरीद तो शुरू कर दी गई, लेकिन क्रय केंद्र न बढ़ने से किसानों के सामने अब भी संकट बरकरार है। किसानों ने पूर्व की भांति मंडी परिसर में तीन अन्य क्रय केंद्र खोले जाने की मांग की है।
तिकुनियां मंडी में हर साल चार गेहूं क्रय केंद्र खुलते थे। इस बार सिर्फ पीसीयू का एक क्रय केंद्र 15 अप्रैल को खोला गया है, लेकिन मंडी में गेहूं फड़ पर किसानों का पड़ा होने के बाद भी खरीद नहीं की जा रही थी। पीसीयू क्रय केंद्र प्रभारी टिल्लू अवस्थी ने बारदाने के अभाव में खरीद नहीं हो पाने की बात बताई थी। इस खबर को अमर उजाला ने 17 अप्रैल के अंक में पेज संख्या चार पर ‘गेहूं क्रय केंद्र खुला.. नहीं हुई खरीद’ शीर्षक से खबर छापी थी। खबर का असर यह हुआ कि क्रय केंद्र पर शुक्रवार को 400 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। केंद्र प्रभारी ने बताया कंप्यूटर में खराबी के चलते सॉफ्टवेयर काम नहीं कर रहा है। जिसके चलते किसानों की ऑनलाइन खरीद होने में दिक्कत आ रही हैं। शुक्रवार को पहले दिन किसान अनूप सिंह, बलविंदर कौर, सुरजीत सिंह सहित कई किसानों का करीब 400 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। उधर किसान जसपाल सिंह, बशीर अहमद, राजेश महावर, पुष्कर कांडपाल, दिलबाग सिंह अमरीक सिंह आदि ने बताया क्षेत्र में गेहूं की अधिकता को देखते हुए हर वर्ष चार गेहूं क्रय केंद्र खुलते हैं, लेकिन इस बार प्रशासन ने केवल एक ही क्रय केंद्र खोला है। इससे किसानों को गेहूं बिक्री करने में भारी असुविधा हो रही है। किसानों ने डीएम से मंडी परिसर में तीन क्रय केंद्र और खोले जाने की मांग की है।।
पलिया: क्रय केंद्र खुला, लेकिन नहीं शुरू हो सकी गेहूं की खरीद
15 अप्रैल से सरकारी गेहूं क्रय केंद्रों को खोल दिया गया है। इसको लेकर कांटा, बैनर लगाकर केंद्रों की शुरुआत भी कर दी गई है लेकिन इसके बाद भी किसान केंद्रों पर नहीं पहुंच रहे हैं। उधर आढ़तियों के यहां तौल लगातार जारी है।
इस बाबत एचएफसी केंद्र के प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि इस साल 23 हजार क्विंटल की खरीद का लक्ष्य केंद्र को दिया गया है। बताया कि जल्द ही तौल शुरू होने के आसार दिख रहे हैं, केंद्र खुला है और किसानों के आने के बाद तौल भी सुचारु रूप से शुरू हो जाएगी।