फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश से खुली नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल

विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। सर्दी में पहली बारिश ने ठंड बढ़ाने के साथ नगरवासियों की मुसीबतें भी बढ़ा दी। नाले नालियां चोक होने के कारण गलियों से लेकर सड़कों तक जलभराव हो गया, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना दुश्वार हो गया। शहर में जलभराव होने से सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका की ओर से किए जा रहे दावों की कलई भी खुल गई। शनिवार को भी सफाई न होने से शहरवासी गंदगी के बीच निकलने को मजबूर रहे।
विज्ञापन


सीन= एक
स्थान- मोहल्ला महाराजनगर
मोहल्ले की नालियां चोक होने के कारण बारिश से गली में जलभराव हो गया। कुछ घंटे बाद गंदा पानी तो निकल गया। मगर, नाली की गंदगी गली में ही जमा हो गई। शनिवार को सफाई न होने से मोहल्लेवासी गंदगी से होकर निकलने का मजबूर हुए।

सीन= दो
स्थान- मोहल्ला बहादुरनगर
बारिश के बाद शनिवार को मोहल्लों में सफाई कर्मचारी नहीं पहुंचे। इस कारण मोहल्लों में लगे कूड़े के ढेर नहीं उठे। इससे मोहल्ले में जगह जगह गंदगी के ढेर लगे रहे और मोहल्लेवासी गंदगी से होकर निकलते रहे।
विज्ञापन


सीन= तीन
स्थान- जीआईसी मैदान वाला डलावघर
डलावघरों की स्थिति तो और भी बुरी रही। बारिश होने से डलावघरों में भी जलभराव हो गया। ऐसे में गंदगी होने के कारण डलावघरों में कीचड़ हो गया। इससे उठती दुर्गंध से लोगों का उधर से निकलना दुश्वार हो गया।

सीन= चार
स्थान- सदर चौराहे पर जलभराव
पालिका प्रशासन भले ही शहर की सफाई व्यवस्था चाक चौबंद होने का दावा कर रहा हो। मगर, हकीकत नाले नालियां दर्शा रहे हैँ। शुक्रवार को हुई बारिश गलियों और सड़कों पर जलभराव का कारण बनी तो वहीं शनिवार को सफाई न होने से सड़कों पर जलभराव बना रहा।

बोले नगरवासी ध्वस्त है सफाई व्यवस्था
नालियां टूट चुकी हैं। सफाई न होने से नालियां चोक हैं। हर समय जलभराव रहता है। बारिश में और भी मुसीबत बढ़ जाती है। गली निर्माण के लिए कई बार कहा गया। मगर, पालिका प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।
-मनोज त्रिपाठी, निवासी बहादुर नगर

मोहल्ले की सफाई व्यवस्था काफी दयनीय है। नालियों की नियमित सफाई तक नहीं होती। ऐसे में बारिश के दिनों में सड़क और गली में पानी भर जाता है। जिम्मेदारों को सफाई व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए।
- लक्ष्मी पांडे, गृहणी, मोहल्ला हाथीपुर

शहर की सफाई व्यस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए सफाई निरीक्षक को कर्मचारियों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। सफाई व्यवस्था में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विज्ञापन

-आरआर अंबेश, अधिशाषी अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें