मितौली। भारी बारिश और ओलावृष्टि से ठंड बढ़ने से गोशालाओं में रखी गई गायों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने पहल की है। एसडीएम दिग्विजय सिंह ने शनिवार को ढखौरा गांव स्थित गोशाला का निरीक्षण किया और वहां पशुओं को ठंड से बचाने के लिए टिनशेड के चारों ओर पल्ली तानकर कवर कराया। इससे पशुओं को ठंड से राहत मिलेगी। साथ ही एसडीएम ने पशुओं को ठंड से बचाव के लिए बोरा ओढ़ाओ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए उन्होंने 50 टाट के बोरे गोशाला में भेजवाए हैं।
तहसीलदार अवधेश कुमार ने लोहन्ना गांव स्थित गोशाला का निरीक्षण कर पशुओं की सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया। बारिश और ठंड से बचाव के लिए सेवादारों को समुचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। इस दौरान कानूनगो ब्रजेश वर्मा मौजूद रहे। वहीं रायपुर बुजुर्ग स्थित गोशाला में भी एसडीएम के निर्देश पर प्रधान ने पशुओं को टाट के बोरा ओढ़ाकर ठंड से बचाव के इंतजाम किए हैं।