नवोदय विद्यालय में कला उत्सव के समापन पर उपस्थित प्रतिभागी। स्रोत:स्कूल
मितौली (खीरी)। जवाहर नवोदय विद्यालय मितौली में लखनऊ संभाग के (ए) संकुल का दो दिवसीय कला उत्सव शुक्रवार को रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में चित्रकूट नवोदय विद्यालय ने सबसे ज्यादा शील्ड जीतकर पहला स्थान हासिल किया। महोबा दूसरे और बांदा तीसरे स्थान पर रहा।
मेजबान मितौली विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। नवोदय विद्यालय के 25 विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन दिवस पर पारंपरिक कहानी वाचन और समूह आर्केस्ट्रा के तहत लोकगीत, क्षेत्रीय गीत और शास्त्रीय गायन की प्रस्तुतियां हुईं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों और निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया।
विभिन्न विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी विद्यालय परिवार की ओर से मोमेंटो प्रदान किए गए।
समापन अवसर पर प्रभारी प्रधानाचार्य आरके सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम संयोजक संगीत शिक्षक डॉ. अरविंद पांडे, कला शिक्षक बृजेंद्र कुमार, सतीश प्रसाद, पंकज मिश्र, मीनाक्षी सिंह सहित विद्यालय परिवार के तमाम सदस्य मौजूद रहे।