केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी बोले, न्याय पंचायत स्तर पर बनेंगे मिनी खेल स्टेडियम
निघासन। जिला पंचायत इंटर कॉलेज के खेल मैदान में ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता हुई, जिसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए लगातार विभिन्न आयोजनों के माध्यम से मंच प्रदान कर रही है। जल्द ही प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर मिनी खेल स्टेडियम बनाए जाएंगे।
मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र के कार्यक्रम में पहुंचने पर खंड शिक्षा अधिकारी संजय राय ने बैज लगाकर व माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। इस दौरान बालक-बालिका वर्ग की एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, बॉलीवॉल, ऊंची कूद व लंबी कूद सहित कई प्रतियोगिताएं हुईं। सभी विजेता बच्चों को खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रमाणपत्र दिए गए। कार्यक्रम का संचालन श्याम किशोर मौर्य और नेहा चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी संजय राय, जिला पंचायत इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि अरविंद सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजय गिरी, रतीराम लोधी, केके तिवारी, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रतीक दीक्षित, मंत्री अभिषेक बाजपेई, पूर्व अध्यक्ष रूप सिंह यादव, पूर्व मंत्री निर्मल चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।