लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 11 अप्रैल को जिले का दौरा तय हो गया है। वह पलिया के चंदनचौकी और मोहम्मदी के मियांपुर में कार्यक्रम करेंगे।
मुख्यमंत्री कुल 1300 करोड़ रुपये की 538 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। इसमें 800 करोड़ की 300 परियोजनाओं का शिलान्यास और 500 करोड़ की 238 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 11 बजे लखनऊ से उड़ान भरकर 11:30 बजे पलिया के चंदनचौकी पहुंचेंगे। यहां 11:40 से 12:40 बजे तक थारू व पूर्वी उत्तर प्रदेश से आए आवासित परिवारों को भौतिक स्वामित्व संबंधी दस्तावेज वितरित करेंगे। साथ ही योजनाओं के लाभार्थियों को चेक व ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास की चाभियां सौंपेंगे और विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री 12:45 बजे मोहम्मदी के मियांपुर के लिए रवाना होकर एक बजे पहुंचेंगे। यहां भी विभाजन के समय विस्थापित परिवारों को अधिकार पत्र, लाभार्थियों को चेक और आवास की चाभियां वितरित करेंगे। साथ ही विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 2:25 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। एक ही दिन में दो स्थानों पर कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा हुआ है।