- अमर उजाला ने मंगलवार को छापी थी खबर
फर्श और बिजली का काम होने पर होगा उपयोग
अमर उजाला की सक्रियता से खबर छपने के पहले ही सीएचसी में बना रैनबसेरा सोमवार की शाम को सीएचसी अधीक्षक डॉ. वी कुमार के सुपुर्द कर दिया गया। अधीक्षक का कहना है कि रैनबसेरा में बिजली और बाहर फर्श का काम नहीं हुआ है, जिसे पूरा करने के लिए सुपुर्दगी प्रपत्र में रिपोर्ट की गई है।
सीएचसी में बीमारों और उनके तीमारदारों के ठहरने के लिए सांसद अजय मिश्र टेनी की निधि से बना अटल विश्राम गृह रैनबसेरा उद्घाटन के साढ़े पांच माह बाद भी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा सीएचसी के सुपुर्द नहीं किया गया था। इससे बीमारों और तीमारदारों को परेशानी हो रही थी। सोमवार को अमर उजाला टीम ने मौके पर जाकर पड़ताल कर संबंधित अधिकारियों के वर्जन लिए तो हड़कंप मच गया और शाम को रैनबसेरा सीएचसी अधीक्षक के सुपुर्द कर दिया गया। अधीक्षक डॉ. वी कुमार ने बताया कि रैनबसेरे में बिजली की फिटिंग न होने और सामने फर्श निर्मित न होना उन्होंने सुपुर्दगी प्रपत्र में लिख दिया है। उसे पूरा करने के बाद ही उपयोग में लिया जा सकेगा। दूसरी ओर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई मनमोहन सिंह ने बताया कि बिजली फिटिंग, सामने फर्श बनाने का काम वर्क आर्डर में नहीं है। इसलिए नहीं कराया गया है। उन्होंने रैनबसेरा सीएचसी का हैंडओवर होने से अनभिज्ञता जताई, जबकि सुपुर्दगी प्रपत्र पर मनमोहन सिंह के हस्ताक्षर और मुहर लगी है।