मैलानी रेलवे स्टेशन पर बंद पड़े एलईडी डिस्प्ले। संवाद
लखीमपुर खीरी। मैलानी रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। पूछताछ केंद्र बंद पड़ा रहता है। स्टेशन पर लगा एलईडी डिस्प्ले खराब है। इस कारण यात्रियों को ट्रेनों की समय-सारणी और अन्य जानकारियां नहीं मिल पा रहीं हैं। ट्रेेनों की लेटलतीफी से यात्री भी परेशान हैं।
इन दिनों ट्रेन किसी भी स्टेशन पर खड़ी हो जाती हैं और विलंब का कारण भी पता नहीं चलता है। वहीं स्टेशन पर गंदगी की भरमार होने और अन्य अव्यवस्थाओं के कारण यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन परिसर में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आईं हैं। इसके बाद भी अधिकारी अव्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं दे रहे।
यात्री पवन कुमार ने बताया कि पूछताछ केंद्र बंद होने से ट्रेन की जानकारी नहीं मिल पा रही है। एलईडी डिस्प्ले खराब होने से ट्रेन की समय-सारणी भी पता नहीं चलती। वहीं यात्री सरोजनी ने बताया कि स्वच्छता की कमी से स्टेशन का माहौल खराब हो रहा है। प्लेटफार्म और ट्रेन के अंदर गंदगी रहती है।
पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ महेश गुप्ता ने बताया कि स्टेशन पर सुंदरीकरण और निर्माण कार्य के चलते नई एलईडी डिस्प्ले लगनी है। इस वजह से पुरानी डिस्पले बंद पड़ी है। मैलानी रेलवे स्टेशन ग्रेड फाइव की श्रेणी में आता है। इसलिए वहां आमने-सामने पूछताछ का प्रावधान नहीं है। प्लेटफार्म पर डिस्प्ले लगाए जा रहे हैं, जिन पर सारी सूचनाएं मिलती रहेंगी।
मैलानी रेलवे स्टेशन पर बंद पड़े एलईडी डिस्प्ले। संवाद
मैलानी रेलवे स्टेशन पर बंद पड़े एलईडी डिस्प्ले। संवाद