लखीमपुर खीरी/तिकुनिया। रविवार को भारत-नेपाल सीमा के खखरौला घाट पर नकली नोटों के साथ पकड़े गए आरोपी का तिकुनिया पुलिस ने चालान भेज दिया। वहीं पूछताछ के दौरान नकली नोटों के कारोबार में संलिप्त दो अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कार चालक की कोई संलिप्तता नजर नहीं आई है।
विज्ञापन
तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र के खखरौला एसएसबी कैंप के कंपनी कमांडर निखिल राज ने बताया कि एक संदिग्ध कार नेपाल की ओर जा रही थी, एसएसबी के जवानों ने चेकपोस्ट पर उसको रोका। कार में छह लोग सवार थे। तलाशी के दौरान एक युवक अनुज कुमार निवासी सिंगाही के पास से 12 हजार रुपये के नकली पांच-पांच सौ के नोट मिले।
पूछताछ के दौरान आरोपी अनुज ने बताया कि वह सिंगाही के ही वार्ड नंबर नौ निवासी मोहम्मद रफीक उर्फ बड़कन व निघासन के अयोध्यापुरवा निवासी कमलेश कुमार उर्फ दादा ने उसे नोट दिए थे। अनुज के मुताबिक, भाड़े पर कार लेकर वह सिंगाही से नेपाल के टीकापुर जा रहा था। कार में सवार अन्य लोगों की घटना में संलिप्तता नहीं पाई गई, इसमें कार चालक आसिफ खान भी शामिल हैं।
विज्ञापन
पुलिस ने पूछताछ करते हुए आसिफ को छोड़ दिया। वहीं अनुज का चालान भेजा है। तिकुनिया कोतवाली प्रभारी पुष्पराज कुशवाहा के मुताबिक वाहन मालिक और वाहन चालक से कोई संबंध नहीं मिला। तलाशी के दौरान कार में सवार अनुज कुमार के पर्स से एसएसबी ने 500 के 24 नोट यानी 12000 की नकली भारतीय करेंसी, मोबाइल फोन, चांदी जैसी अंगूठी तथा चांदी जैसा कड़ा बरामद किया था।