लखीमपुर खीरी। पहले 40 वर्ष की उम्र के बाद होने वाली सर्वाइकल की समस्या अब युवाओं में भी तेजी से बढ़ रही है। स्मार्टफोन और लैपटॉप के लंबे इस्तेमाल के साथ गलत बैठने की आदतों ने इस परेशानी को आम बना दिया है। जिला अस्पताल में रोजाना कंधे और गर्दन के दर्द से परेशान मरीज पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन चार से पांच मरीज सर्वाइकल दर्द की शिकायत लेकर आ रहे हैं। फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. विवेक तिवारी ने बताया कि सर्वाइकल स्पॉन्डिलोसिस रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्या है, जो गर्दन की हड्डियों और डिस्क के घिसाव से होती है। पहले यह समस्या उम्र बढ़ने के साथ दिखती थी, लेकिन अब युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लंबे समय तक झुककर फोन चलाना, लैपटॉप पर काम करना और गलत मुद्रा में बैठना इसके प्रमुख कारण हैं। नियमित एक्सरसाइज और फिजियोथेरेपी से मरीजों को काफी राहत मिल रही है।